
अमेरिका में एक और भारतीय की मौत, रेस्त्रां में खाने के बाद हुई थी लड़ाई
चंडीगढ, 10 फरवरी (विश्ववार्ता) वाशिंगटन के एक रेस्तरां के बाहर झगड़े के दौरान पीटे जाने के कारण घायल हुए भारतीय मूल के 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। अमेरिका में हाल में भारतीय मूल के लोगों पर हमले की एक के बाद एक कई चिंताजनक घटनाएं सामने आई हैं।
जांचकर्ताओं ने बताया कि शोटो रेस्तरां के बाहर ‘फिफ्टीन्थ स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट’ के 1100 ब्लॉक पर दो फरवरी को देर रात करीब दो बजे इस घटना के संबंध में पुलिस को सूचना मिली जिसके बाद पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे और उन्होंने विवेक तनेजा नाम के भारतीय मूल के व्यक्ति को फुटपाथ पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। उसे अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तनेजा और एक अज्ञात व्यक्ति के बीच किसी बात पर हुई बहस हाथापाई में बदल गई और आरोपी ने तनेजा को जमीन पर गिराकर उसका सिर फुटपाथ पर मारा।




















