
केंद्र सरकार और किसानों के बीच सीएम मान के निजी हस्तक्षेप से बनी विभिन्न मुद्दो पर सहमति
चंडीगढ, 9 फरवरी (विश्ववार्ता) एएनआई के अनुसार केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, नित्यानंद राय और अर्जुन मुंडा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ चंडीगढ़ में किसान नेताओं के साथ बैठक की और उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश की. बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि कई मुद्दों सहमति बनी है. इसमें पिछली बार किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज हुए केस को वापस लेना भी एक अहम मुद्दा है जिसपर सरकार ने सहमति दे दी है। भगवंत मान ने किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों की चंडीगढ़ में मीटिंग करवाई। जिसमें केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद राय शामिल हुए।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निजी हस्तक्षेप पर केंद्र सरकार और किसानों के बीच पहले दौर की बातचीत में विभिन्न मुद्दों पर सहमति बनी। बैठक यहां मैगसीपा कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गई और इसमें केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद के अलावा मुख्यमंत्री और विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दौर की बातचीत में कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकद्दमे वापस लेने को लेकर आम सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि चर्चा सहज माहौल में हुई और केंद्रीय मंत्रियों ने किसानों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि नकली बीज उत्पादकों के खिलाफ अनुकरणीय सजा की मांग की गई ताकि अनाज उत्पादकों के हितों की रक्षा की जा सके और धान की पराली जलाने का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया।
मुख्यमंत्री ने किसानों के मुद्दों को जोरदार तरीके से पेश करते हुए फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य जारी रखने पर जोर दिया और कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना समय की प्रमुख जरूरत है।
बता दें कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में किसान समूह दिसंबर 2023 से स्थानीय विकास प्राधिकरणों द्वारा अधिग्रहीत अपनी भूमि के बदले अधिक मुआवजे और विकसित भूखंडों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. प्रदर्शनकारी किसान समूहों ने अपनी मांगों पर दबाव बनाने के लिए बुधवार को किसान महापंचायत और बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में संसद तक मार्च का आह्वान किया।





















