
राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 19 फरवरी को अमेठी पहुंचेगी
चंडीगढ, 9 फरवरी (विश्ववार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ यूपी से होकर भी गुजरेगी। 19 फरवरी को न्याय यात्रा उनके पूर्व संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचेगी। राहुल इस दौरान कई जनसभाओं को भी सम्बोधित करेंगे। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। करीब दो साल बाद राहुल गांधी अमेठी आएंगे। कांग्रेस के जिला महासचिव अनिल सिंह ने बताया कि कांग्रेस की यात्रा 19 फरवरी को प्रतापगढ़ जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के अठेहा से निकलकर अमेठी विधानसभा के ककवा में दाखिल होगी। इसके बाद यह यात्रा महाराजपुर होते हुए अमेठी, गौरीगंज, गांधीनगर, जायस और फुरसतगंज के रास्ते रायबरेली रवाना हो जाएगी।
अमेठी के कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और आम जनता उम्मीद लगाए है कि इस यात्रा के दौरान राहुल अमेठी से अगला लोकसभा चुनाव लड़ने का कोई न कोई संकेत देंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पूर्व में यह दावा कर चुके हैं कि राहुल अमेठी से ही चुनाव लड़ेंगे, लेकिन अब तक गांधी परिवार की तरफ से इस संबंध में कोई भी संकेत नहीं दिया गया है। राहुल गांधी वर्ष 2002 से 2019 तक अमेठी से सांसद रह चुके हैं। वह वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा की स्मृति ईरानी से हार गए थे। राहुल गांधी आखिरी बार 25 फरवरी, 2022 को अपनी बहन प्रियंका के साथ अमेठी के दौरे पर आए थे। राहुल ने प्रियंका के साथ मुसाफिरखाना में विधानसभा चुनाव के पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित किया था।





















