
हिमाचल में लगातार बर्फबारी से जनजीवन अस्त व्यस्त, कुल्लू और मनाली में कल स्कूल बंद
चंडीगढ, 5 फरवरी (विश्ववार्ता) हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी अब लोगों के लिए आफत साबित हो रही है। लगातार बर्फबारी से आम जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। प्रदेश में रोहतांग में तीन फीट, नारकंडा, कुफरी, रोहडू, चौपाल व मनाली में आधा फीट से अधिक हिमपात हुआ है। हिमपात के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बिजली, पानी और यातायात ठप है। प्रदेश में 475 सडक़ें ताजा हिमपात के कारण बंद हैं। इन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेश में चार नेशनल हाईवे समेत 475 सडक़ों पर अभी भी यातायात ठप है। प्रदेश भर में 333 बिजली ट्रांसफार्मर भी बंद होने से कई क्षेत्रों में बिजली गुल है। कुल्लू व लाहौल में ताजा बर्फबारी के बाद अटल टनल रोहतांग यातायात के लिए फिर बंद हो गई है। टनल के आसपास 45 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। बता दें कि दो दिन पहले ही बीआरओ ने बर्फ हटाकर टनल को आपातकालीन सेवा के लिए बहाल किया था। वहीं खराब मौसम के चलते कुल्लू और मनाली में कल स्कूल व अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
कुल्लू और लाहौल-स्पीति में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। कुल्लू व लाहौल में बर्फबारी व बारिश का दौर शुरू हो गया है। ताजा बर्फबारी के चलते अटल टनल रोहतांग होकर लाहौल के लिए वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। ऐसे में लाहौल का कुल्लू से संपर्क कट गया है। रविवार देर रात्रि से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है।





















