
आज फिर मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मूसलाधार बारिश की संभावना
चंडीगढ, 4 फरवरी (विश्ववार्ता): पहाड़ी क्षेत्रों समेत उत्तर पश्चिम के राज्य अभी एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उबरे भी नहीं थे कि दूसरे ने दस्तक दे दी। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में बदलाव से पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में रविवार को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में सुबह के समय तापमान में वृद्धि होने की संभावना है और घना कोहरा भी छाया रह सकता है। तापमान में गिरावट होने की उम्मीद कम है, इसलिए कोल्ड डे की स्थिति भी अब बनने की संभावना नहीं है। अगले पांच से सात दिन शीतलहर की संभावना भी नहीं है।
इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार और सोमवार को इन पहाड़ी राज्यों में जमकर बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं, पंजाब, हरियाणा जैसे मैदानी राज्यों में कहीं मूसलाधार तो कहीं हल्की बारिश होगी और कुछ जगहों पर सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। मौसम के मिजाज में यह बदलाव कम से कम चार से पांच दिन महसूस किया जाएगा और इसके चलते ठंड बढ़ेगी और पारा भी लुढक़ेगा। शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत ज्यादातर इलाकों में सुबह के समय धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद बदली छा गई और पारा भी लुढक़ा।





















