
एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के दो आरोपियों को दबोचा
डीजीपी गौरव यादव ने टवीट कर दी जानकारी
चंडीगढ, 3 फरवरी (विश्ववार्ता) बडी खबर सामने आ रही है कि पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने आज बडी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग के दो गुर्गों मनदीप सिंह और जतिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
डीजीपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी मनदीप ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल आरोपियों को ठिकाना मुहैया कराया था। इसके अलावा 2017 में उसने गैंगस्टर दीपक टीनू को भागने में भी मदद की थी। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और उनके खिलाफ चंडीगढ़ और हरियाणा में हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, डकैती, शस्त्र अधिनियम के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों से 2 पिस्तौल व 12 कारतूस बरामद हुए हैं।























