पंजाब और हरियाणा में देर रात से पड़ रही झमाझम बारिश के कारण लोगों ने ली राहत की सांस
चंडीगढ़ में रुक रुक कर बूंदाबांदी शुरू
चंडीगढ, 1 फरवरी (विश्ववार्ता) पंजाब और हरियाणा में देर रात से पड़ रही झमाझम बारिश के कारण जहां लोगों ने राहत की सांस ली है वहीं पर किसानों के भी चेहरे खिल उठे हैं। गेहूं की फसल के लिए यह बारिश किसी खाद से कम नहीं है। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही बर्फबारी ने बागबानों को भी खुश कर दिया है।
चंडीगढ़ में आज फिर से मौसम खराब हो गया है। रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है। वहीं करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही है। इन ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आ गई है। मौसम विभाग के अनुसार एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
बागबानों का कहना है कि बर्फबारी के कारण सेब की फसल के लिए जो चिलिंग ऑवर चाहिए होते हैं वह पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अच्छी बर्फबारी सेब की फसल के लिए खाद का काम करेगी और फसल अच्छी होगी। मौसम विभाग ने भी आज पंजाब और हरियाणा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है।
























