
वित्त मंत्री सीतारमण आज पेश करेंगी अंतरिम बजट
लगातार छठा बजट पेश करेंगी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
कई उम्मीदें… वित्त मंत्री क्या देंगी कोई सौगात
चंडीगढ, 1 फरवरी (विश्ववार्ता) उद्योग जगत के दिग्गजों से लेकर आम आदमी तक सभी की निगाहें आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर होंगी, यह बजट मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट है। वेतनभोगी करदाता आयकर स्लैब में बदलाव और अधिक कटौती की उम्मीद कर रहे हैं. वहीं, उद्योगपति भी बजट से कई उम्मीद लगाए बैठे हैं। निर्मला सीतारमण के पास सबसे लंबे बजट भाषण (2 घंटे और 42 मिनट) का रिकॉर्ड भी है, जो उन्होंने 2020 में दिया था. इससे पहले किसी भी वित्त मंत्री द्वारा इतना लंबा भाषण नहीं पढ़ा गया था।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लगातार छठा बजट पेश करेंगी। इसके साथ ही उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज होंगे। वह लगातार पांच पूर्ण बजट और एक अंतरिम बजट पेश कर पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के क्लब में शामिल हो जाएंगी। सीतारमण पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री हैं, जो जुलाई 2019 से अब तक पांच पूर्ण बजट पेश कर चुकी हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने सर्वाधिक 10 बार बजट पेश किए थे।
मोदी सरकार के 2014 में सत्ता संभालने के बाद वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी भाजपा के दिग्गज नेता अरुण जेटली को सौंपी गई थी। उन्होंने साल 2014-15 से 2018-19 तक लगातार पांच बार बजट पेश किए। जेटली के खराब स्वास्थ्य के कारण 2019 के आम चुनावों के पहले वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार पीयूष गोयल को सौंपा गया। उन्होंने एक फरवरी, 2019 को अंतरिम बजट पेश किया था। 2019 के आम चुनावों के बाद मोदी 2.0 सरकार में वित्त विभाग का जिम्मा निर्मला सीतारमण को सौंपा गया। उसके बाद वे लगातार पांच बाजार बजट पेश कर चुकी हैं। इसके साथ ही वे इंदिरा गांधी के बाद बजट पेश करने वाली दूसरी महिला भी बनीं। इंदिरा गांधी ने वित्त वर्ष 1970-71 के लिए बजट पेश किया था।





















