
हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र फरवरी की इस तारिख से हो रहा है शुरू
चंडीगढ, 31 जनवरी (विश्ववार्ता) हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र इस बार 20 फरवरी से शुरू होगा, जो दो चरणों में छह मार्च तक चलेगा। बीच में सात दिन का अंतराल भी होगा।
सरकार बजट सत्र के दौरान अंतरिम बजट (वोट आन दा अकाउंट) पेश करेगी। हरियाणा मंत्रिमंडल ने मंगलवार को सर्वसम्मति से बजट सत्र की तारीखों पर मुहर लगा दी है। हालांकि बजट सत्र की तारीखों पर अंतिम मंजूरी विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीसीए) देगी।
मंत्रिमंडल ने 14 पेंशन योजनाओं में 250 रुपये की मासिक बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। लाभार्थियों को बढ़ी हुई पेंशन फरवरी से मिलेगी। सरकार के इस फैसले से 31.40 लाख लाभार्थी लाभान्वित होंगे। इसके अलावा मंत्रिमंडल ने हरियाणा ट्रैवल एजेंटों का पंजीकरण और विनियमन विधेयक और शव निपटान विधेयक को मंजूरी दे दी। अब सरकार इन विधेयक को बजट सत्र के दौरान पेश करेगी।
चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सबसे बड़ी मंजूरी पेंशन की बढ़ोतरी को दी गई। हर पेंशन में 250 रुपये की मासिक बढ़ोतरी दी गई है। यानी अभी जितनी पेंशन मिल रही है, अगले महीने फरवरी से 250 रुपये बढक़र लाभार्थियों को पेंशन मिलेगी। हालांकि सीएम मनोहर लाल ने इसकी घोषणा करीब डेढ़ महीने पहले कर दी थी। इस फैसले के बाद बुढ़ापा पेंशन अब लोगों को फरवरी से तीन हजार रुपये, स्कूल न जाने वाले विकलांग बच्चों की वित्तीय सहायता 2,150 से 2,400 रुपये और निराश्रित बच्चों को वित्तीय सहायता योजना 1,850 से 2,100 रुपये और कश्मीरी प्रवासी योजना के तहत वित्तीय सहायता बढ़ाकर 1250 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये कर दी गई है।























