
चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर अरविंद केजरीवाल का आया बडा ट्वीट
कहा मेयर चुनाव मे भाजपा ने की दिनदहाड़े बेईमानी की, इस हद तक गिरना चिंताजनक
चंडीगढ, 31 जनवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ मेयर चुनाव का रिजल्ट आ चुका है। बीजेपी ने 16 वोटों के साथ मेयर पद पर बाजी मार ली है। जबकि 8 वोट इनवैलिड हो जाने से आप-कांग्रेस गठबंधन को 12 वोट पाकर हार का सामना करना पड़ा है। जिसके बाद आप-कांग्रेस में भारी विरोध और गुस्सा भी देखने को मिल रहा है। आप-कांग्रेस का कहना है कि, मेयर चुनाव में बीजेपी द्वारा जीत के लिए सरेआम धक्केशाही की गई है। वहीं आप-कांग्रेस ने चुनाव के पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह पर भी फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी मेयर चुनाव में बेईमानी की बात कही है। चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर अरविंद केजरीवाल का ट्वीट आया है।
केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा- चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दिन दहाड़े जिस तरह से बेईमानी की गई है, वो बेहद चिंताजनक है। यदि एक मेयर चुनाव में ये लोग इतना गिर सकते हैं तो देश के चुनाव में तो ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये बेहद चिंताजनक है। वहीं आम आदमी पार्टी ने पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह का एक वीडियो भी शेयर किया। जिसमें पीठासीन अधिकारी द्वारा वोटों पर पेन चलाया जा रहा है।
वीडियो शेयर करते हुए आप ने लिखा-भाजपा ने चंडीगढ मेयर चुनाव में की लोकतंत्र की हत्या की है। मेयर चुनाव में आप और इंडिया के पास बहुमत होने के बाद जीत निश्चित थी। लेकिन भाजपा ने गुंडागर्दी कर मेयर चुनाव जीत कर बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी। अगर बीजेपी एक मेयर चुनाव में ऐसी धक्केशाही कर रही है तो लोकसभा चुनाव हारने पर क्या करेगी?





















