
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा की जीत पर भारी हंगामा
आप और कांग्रेस ने लगाया आरोप, कहा हम जायेेंगे हाईकोर्ट
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दिन दहाड़े की गई बेईमानी : दिल्ली सीएम केजरीवाल
राज्यपाल से मिलेंगे आप और कांग्रेस नेता
भाजपा की जीत से इंडी गठबंधन की हवा निकली- यूपी डिप्टी सीएम
चंडीगढ़, 30 जनवरी (विश्ववार्ता)चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा की जीत पर भारी हंगामा शुरू हो गया है। आप और कांग्रेस की तरफ से पुरजोर विरोध किया जा रहा है। आप-कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि, मेयर चुनाव में बीजेपी की जीत धक्केशाही और फर्जीवाड़े से हुई है। क्योंकि पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह ने रिजल्ट जारी करने में निष्पक्षता और पारदर्शिता नहीं दिखाई।
आप और कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया है कि, पीठासीन अधिकारी ने वोटों की गिनती करते वक्त पार्टी चुनाव एजेंट भी नहीं बुलाये। अकेले ही वोटों की गिनती करके अवैध तरीके से 8 वोट इनवैलिड करार दिये। वोटों पर पेन से स्क्रैच मारे। ताकि बीजेपी जीत जाये। आप और कांग्रेस ने कहा कि, हम बीजेपी की इस जीत को नहीं मानते हैं और हम हाईकोर्ट का रुख करेंगे।
भारी हंगामे के बीच अराज्यसभा सांसद राघव चड्ढा चंडीगढ़ के पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल के साथ दोपहर बाद पंजाब राज भवन जाएंगे और राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से चंडीगढ़ मेयर चुनाव की चुनावी प्रक्रिया में नियमों की हुई अनदेखी को लेकर मुलाकात करेंगे।
बताया जा रहा है कि पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह पर कई वोटों के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। कांग्रेस और आप पार्षदों की तरफ से आरोप लगाए जा रहे हैं कि अनिल मसीह वीडियो में कई वोटों पर पेन चलाते हुए नजर आए हैं। वीडियो में भी इसके सबूत हैं। सदन में काफी हंगामा चल रहा है।
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर प्रतिक्रिया दी। केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में दिन दहाड़े जिस तरह से बेईमानी की गई है, वो बेहद चिंताजनक है। यदि एक मेयर चुनाव में ये लोग इतना गिर सकते हैं तो देश के चुनाव में तो ये किसी भी हद तक जा सकते हैं। ये बेहद चिंताजनक है।
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा की जीत पर कहा कि भाजपा की जीत से इंडी गठबंधन की हवा निकली।























