
पंजाब के बाद अब पडोसी राज्य हरियाणा मे मौसम कल से ले रहा है करवट
चंडीगढ, 30 जनवरी (विश्ववार्ता) अब धीरे धीरे सर्दी का कंपकंपाने वाला दौर खत्म होने लगेगा पंजाब के बाद अब हरियाणा में भी आने वाले दिनों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 30 जनवरी, 2 फरवरी व 5 फरवरी को उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। 30 जनवरी को सक्रिय होने वाले मध्यम श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तरी राजस्थान व दक्षिणी पंजाब पर कम दबाव का क्षेत्र बनेगा।
इसके बाद 2 फरवरी को भी मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इन दोनों विक्षोभों के प्रभाव से 31 जनवरी से 5 फरवरी के बीच पंजाब से सटे जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला में तेज गति की हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक के साथ एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि की गतिविधियां होंगी। वहीं भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद व पलवल में बिखराव वाली बारिश की संभावना है।
सोमवार को प्रदेश के दिन के औसत तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान फतेहाबाद में दिन का तापमान 12.3 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में भी 2.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और यह सामान्य के करीब रहा। पंचकूला में रात का तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा





















