
पंजाब सहित पूरा उत्तर भारत भीषण ठंड के प्रकोप मे
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में आज कोल्ड वेव का अलर्ट
चंडीगढ़, 28 जनवरी (विश्ववार्ता) जनवरी अब बीतने को हेै लेकिन ठंड ने अब भी जीवन को अस्त व्यस्त किया हुआ हेै। देश के मैदानी इलाकों में जैसे पंजाब और हरियाणा में शीतलहर में कोई कमी नहीं आई। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के कारण उत्तर भारत में ठंड जारी है। पंजाब और हरियाणा में शनिवार को कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के हिसार में न्यूनतम पारा सामान्य से 4 डिग्री नीचे 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं, पंजाब में फरीदकोट 3.6 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा।
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक ए.के. सिंह ने मौसम को लेकर अहम जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि पूर्वानुमान को देखते हुए अलर्ट बढ़ा दिया गया है। फिलहाल कोहरे से राहत नहीं मिलने वाली है। खासकर 2 दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का रेड अलर्ट दिया गया है। साथ ही 3 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी दिया गया है।
धूप निकलने के कारण तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई, लेकिन यह स्थायी नहीं है और जल्द ही इसमें गिरावट आएगी। अफगानिस्तान से पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो गई हैं लेकिन इसका चंडीगढ़ पर कोई असर नहीं होगा। पहाड़ों के ऊपरी हिस्से भी प्रभावित हो सकते हैं। 27 को अन्य पश्चिमी हवाएं भी सक्रिय दिख रही हैं। वे कितनी मजबूत होंगी, फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता। हालांकि गुरुवार को धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिली। दिन का अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। विभाग ने 28 तारीख तक का अलर्ट दिया है। लंबे पूर्वानुमान को देखते हुए मौसम में थोड़ी राहत मिली है। इस बीच दिन का तापमान 16 से 20 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री रहेगा।





















