उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर बनी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक ट्वीट के जरिए कांग्रेस को सीट देने की बात का किया खुलासा
चंडीगढ़, 27 जनवरी (विश्ववार्ता) उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों की डील पक्की हो गई है। कांग्रेस यूपी में 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी है। आज शनिवार को उन्होंने एक पोस्ट में लिखा है कि ‘कांग्रेस के साथ 11 मजबूत सीटों से हमारे सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है। ये सिलसिला जीत के समीकरण के साथ और भी आगे बढ़ेगा। ‘इंडिया’ की टीम और ‘पीडीए’ की रणनीति इतिहास बदल देगी।’ वहीं अब अखिलेश यादव के इस पोस्ट के बाद ये देखना होगा कि यूपी में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी किन सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। क्योंकि पिछली बार साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को करारी हार मिली थी। इस चुनाव में राहुल गांधी तक हार गए और कांग्रेस को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली थी, जो कि सोनिया गांधी की सीट थी।
आपको बता दें कि 17 जनवरी को सीटों के बंटवारे पर दिल्ली में गठबंधन के घटक दलों कांग्रेस और सपा के बीच बैठक हुई थी, लेकिन बैठक में कोई नतीजे नहीं निकल सका था। बैठक खत्म होने के बाद कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा था कि सपा के साथ एक और बैठक होनी है। बात नहीं बनी तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी या मल्लिकार्जुन खरगे अखिलेश यादव के साथ बात करेंगे।
कांग्रेस के साथ 11 मज़बूत सीटों से हमारे सौहार्दपूर्ण गठबंधन की अच्छी शुरुआत हो रही है… ये सिलसिला जीत के समीकरण के साथ और भी आगे बढ़ेगा।
‘इंडिया’ की टीम और ‘पीडीए’ की रणनीति इतिहास बदल देगी।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) January 27, 2024






















