
केजरीवाल ने थोड़ी देर पहले ही ट्वीट करते हुए जानकारी दी है कि, उनकी पार्टी के विधायकों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्हें 25 करोड़ रुपये देने और साथ में चुनाव के लिए टिकट देने को भी कहा गया है।
केजरीवाल ने अपने इस दावे में किसी पार्टी का नाम तो नहीं लिया है लेकिन केजरीवाल का सीधा और साफ इशारा बीजेपी की तरफ है। केजरीवाल ने कहा कि, उनके विधायकों से कहा गया है कि, कुछ दिन बाद केजरीवाल को गिरफ़्तार कर लेंगे और उसके बाद और विधायकों को तोड़ते हुए दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिरा देंगे। केजरीवाल ने कहा कि, अब मैं समझ गया हूं कि मुझे किसी शराब घोटाले की जांच के लिए गिरफ़्तार नहीं किया जाएगा बल्कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार गिराने के लिए साजिश के तहत मुझे गिरफ्तार किया जाएगा।
21 विधायकों से संपर्क करने की बात कही
केजरीवाल ने कहा कि, हमारी पार्टी के जिन 7 विधायकों से संपर्क किया गया है उनसे कहा गया है कि कुल 21 विधायकों से बात हो गई है। लेकिन हमारी जानकारी के मुताबिक़ उन्होंने (बीजेपी के लोगों ने) अभी तक 7 विधायकों से ही संपर्क किया है और सबने मना कर दिया है। केजरीवाल ने कहा कि पिछले नौ सालों में हमारी सरकार गिराने के लिए इन्होंने कई षड्यंत्र किए। लेकिन इन्हें कोई सफलता नहीं मिली। भगवान ने और जनता ने हमेशा हमारा साथ दिया। हमारे सभी MLA भी मज़बूती के साथ हैं। इस बार भी ये लोग अपने नापाक इरादों में फेल होंगे। दिल्ली की जनता ‘आप’ से बेइंतहा प्यार करती है।
























