
भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट का आज दूसरा दिन
भारत की मैच पर मजबूत पकड, भारतीय बल्लेबाजों को इंग्लैंड के स्पिन का करना होगा सामना
चंडीगढ़, 26 जनवरी (विश्ववार्ता) भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला हैदराबाद में खेला जा रहा है। आज मैच का दूसरा दिन है जहां आज भारतीय बल्लेबाजों को पहली पारी के आधार पर बडी बढत हासिल करने की मंशा होगी। बतां दे कि कल पहले दिन का खेल होने तक टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में एक विकेट गंवाकर 119 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 70 गेंद में 76 रन और शुभमन गिल 43 गेंद में 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी हो चुकी है।
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट हैदराबाद में खेला जा रहा है। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। भारत के खिलाफ 5 टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड की पहली पारी 246 रन पर सिमट गई। टीम से कप्तान बेन स्टोक्स ने फिफ्टी लगाई। उन्होंने 88 बॉल पर 70 रन बनाए। बेन स्टोक्स ने रवींद्र जडेजा की गेंद पर छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। उनके अलावा बेन डकेट (35), जॉनी बेयरस्टो (37) और टॉम हार्टले (23) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। वहीं, भारत की ओर से अश्विन और जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए।
सबसे अहम बात तो यह है कि भारत ने अभी तक अपनी पहली पारी में 23 ओवर ही बल्लेबाजी की है और एक विकेट गंवाया है। अभी भी उसके तीनों रिव्यू बाकी हैं, लेकिन इंग्लैंड अभी ही अपने तीनों रिव्यू गंवा चुकी है। उसके पास अब इस पारी में अंपायर को चुनौती देने के लिए कोई रिव्यू नहीं बचा है। पहले दिन 11 विकेट गिरे और 365 रन बने। इंग्लैंड की पहली पारी 246 रन पर समाप्त हुई थी। भारत अभी भी इस स्कोर से 127 रन पीछे है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम की शुरुआत अच्छी रही थी। जैक क्राउली और बेन डकेट ने पहले विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। एक वक्त 12वें ओवर में स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 55 रन था, इसके बाद 16वें ओवर में टीम ने तीन रन बनाने में तीन विकेट गंवा दिए। इंग्लैंड का स्कोर 58 रन पर तीन विकेट हो गया। डकेट 35 रन और ओली पोप एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं, क्राउली 20 रन बना सके। डकेट और क्राउली को अश्विन ने पवेलियन भेजा। वहीं, पोप को जडेजा ने आउट किया।
लंच तक इंग्लैंड का स्कोर तीन विकेट पर 108 रन था। लंच के ठीक बाद बेयरस्टो और रूट आउट हो गए। अक्षर ने बेयरस्टो को क्लीन बोल्ड किया। वह 37 रन बना सके। वहीं, जडेजा ने जो रूट को जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच कराया। वह 60 गेंद में 29 रन बना सके। बेन फोक्स चार रन बनाकर अक्षर का दूसरा शिकार बने। वहीं, बुमराह ने भी विकेट का खाता खोलते हुए रेहान अहमद को विकेटकीपर केएस भरत के हाथों कैच कराया।
इंग्लैंड को आठवां झटका जडेजा ने दिया। उन्होंने टॉम हार्टले को क्लीन बोल्ड किया। वहीं, अश्विन ने मार्क वुड और बुमराह ने स्टोक्स को क्लीन बोल्ड कर इंग्लैंड की पारी 246 रन पर समेट दी। आउट होने से पहले स्टोक्स ने 88 गेंद पर छह चौके और तीन छक्के की मदद से 70 रन बनाए। अश्विन और जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि बुमराह और अक्षर को दो-दो विकेट मिले।





















