भारत का यह विस्फोटक बल्लेबाज लगातार दूसरे साल 2023 के लिए टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया
महिलाओं में यह पुरस्कार वेस्टइंडीज की हीली मैथ्यूज ने जीता
चंडीगढ, 25 जनवरी: (विश्ववार्ता) साल 2023 में कुल 18 टी20 मैचों में 733 रन बनाने वाले भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव को आईसीसी ने क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना है। लगातार दूसरे साल सूर्या को यह उपलब्धि हासिल हुई है। आईसीसी के इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए सिकंदर रजा, अल्पेश रमजानी, मार्क चैपमैन के साथ सूर्यकुमार यादव नॉमिनेट किए गए थे। अंत में सूर्या को यह खिताब दिया गया है। पिछले दो सालों से यादव टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें इस खिताब से नवाजा गया है।
2023 में सूर्या ने बनाए सबसे ज्यादा रन
सूर्यकुमार यादव के लिए 2023 शानदार रहा और टी20 क्रिकेट की 17 पारियों में इन्होंने 155 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 733 रन बनाए हैं। सूर्या ने यह रन 48.86 की औसत से बनाए। यूएई के मुहम्मद वसीम और युगांडा के रोजर मुकासा ने सूर्या के बाद सबसे ज्यादा टी20 रन बनाए हैं। मुहम्मद वसीन में 23 मैचों में 823 रन और मुकासा ने 31 मैच खेलकर 738 रन बनाए हैं।
टी20 क्रिकेट में शतक लगाने के मामले में भी सूर्यकुमान नंबर वन पर हैं। साल 2023 में सूर्या ने दो शतक जड़े हैं। पहला शतक जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ और दूसरा शतक साउथ अफ्रीका का खिलाफ शतक लगाया था। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज प्लेयर ग्लेन मैक्सवेल ने भी दो शतक जड़े हैं। यादव और मैक्सवेल टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 4-4 शतक लगाकर बराबरी पर हैं। हालांकि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 5 शतक लगाने वाले टी20 क्रिकेट के इकलौते बल्लेबाज हैं और टॉप पर बने हुए हैं।
महिलाओं में यह पुरस्कार वेस्टइंडीज की हीली मैथ्यूज ने जीता है। मैथ्यूज टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड जीतने वाली वेस्टइंडीज की दूसरी खिलाड़ी बनीं। उनसे पहले 2015 में स्टेफनी टेलर को यह पुरस्कार मिला था। इन दोनों के अलावा हर बार इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया की खिलाडिय़ों ने इस पुरस्कार पर कब्जा जमाया है।
नीदरलैंड के तेज गेंदबाज बास डी लीडे आईसीसी एसोसिएट क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए चुने गए हैं। वह इस पुरस्कार को जीतने वाले अपने देश के दूसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले रायन टेन डुस्काटे ने तीन बार इसे अपने नाम किया था। उन्होंने 2008, 2010 और 2011 में यह अवॉर्ड जीता था।