
गणतंत्र दिवस को लेकर पंजाब भर मे हाई अलर्ट
20 हजार कर्मचारियों की सुरक्षा में की गई तैनाती
चंडीगढ, 25 जनवरी: (विश्ववार्ता) गणतंत्र दिवस को लेकर पंजाब पुलिस हाई अलर्ट पर है। आतंकियों की ओर से दी जा रही धमकियों के बीच राज्य में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 20 हजार से अधिक कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। सभी जिलों में तैनात 65 फीसदी फोर्स सुरक्षा इंतजामों में लगाई गई है। आईजी मुख्यालय डा सुखचैन सिंह गिल ने यह जानकारी दी। गिल ने बताया बार्डर एरिया से लेकर सभी जिलों में स्पेशल इंतजाम किए गए हैं।
स्पेशल डीजीपी कानून व्यवस्था अर्पित शुक्ला को सुरक्षा इंतजामों के लिए नोडल अफसर लगाया गया है। वहीं, सभी जिलों का जिम्मा स्पेशल डीजीपी, एडीजीपी, डीआईजी व आईजी स्तर के अधिकारियों को सौंपा गया है। कर्मचारियों की तैनाती जिलों के आकार के हिसाब से की गई है। आईजी ने बताया कि अधिकारियों की ओर से अपना जिम्मा संभाल लिया गया है। ध्यान रहे कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को लुधियाना व राज्यपाल की ओर से पटियाला में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लिया जाना है।
गुरपतवंत सिंह पन्नू ने दी थी सीएम को धमकी
कुछ दिन पहले आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की तरफ से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकियां दी गई थी। ऐसे में पुलिस पहले से ही अलर्ट पर चल रही है। पुलिस की ओर से आतंकी पन्नू के कुछ गुर्गों को पिछले दिनों अलग अलग जिलों से दबोचा गया है।
आईजी ने बताया कि आतंकी अपराधी वारदात को अंजाम देकर दूसरे राज्यों में न जा पाए। इसको लेकर पंजाब पुलिस हिमाचल, दिल्ली, राजस्थान, जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ संपर्क में है। लगातार उनसे मीटिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिस हिसाब से पुलिस को इनपुट आ रहे हैं। उसी हिसाब से सारी रणनीति तैयार की जा रही है। इसके अलावा सरकारी दफ्तरों, सुरक्षा से जुड़े संस्थानों की सुरक्षा को पूरा इंतजाम है।
आईजी गिल ने बताया कि अपराधियों के छिपने की जगह की सूची बनाई गई है। जहां पर लगातार सर्च की जा रही है। इसके अलावा स्पेशल आपरेशन चलाए जा रहे हैं। बार्डर रेंज में सीनियर अफसर लगाए गए हैं। 530 किलोमीटर पंजाब की सीमा पाकिस्तान से लगती है। बार्डर एरिया में 2100 कैमरे लगाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए कमेटी गठित कर दी गई। जल्दी ही यह काम किया जाएगा।
आईजी गिल ने बताया कि जनवरी माह में बीते सप्ताह ड्रग्स तस्करी को लेकर 109 मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि 141 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से 22 कमर्शियल एफआईआर दर्ज की गई। जून में 31 बड़े तस्करों को पकड़ा गया है। आईजी ने बताया कि पिछले सप्ताह सबसे ज्यादा मामले होशियारपुर में दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि होशियारपुर में 5 एफआईआर, अमृतसर ग्रामीण में तीन एफआईआर और तरनतारन में 2 मामले दर्ज किए गए। पुलिस की ओर से 19 किलो हेरोइन जब्त की गई। इसके अलावा पकड़े गए अन्य नशीले पदार्थों की विस्तार से जानकारी दी। गिल ने बताया कि 1.40 लाख रुपये ड्रग्स मनी के पकड़े गए है। वहीं एनडीपीएस में भगौड़े चल रहे छह आरोपितों को पकड़ा गया है। गिल ने बताया कि ड्रग्स तस्करों की 111 करोड़ की संपत्ति अब तक जब्त की जा चुकी है।





















