खालिस्तानी आतंकवादी पन्नू ने गणतंत्र दिवस से पहले नई वीडियो जारी कर दी धमकी
चंडीगढ, 24 जनवरी (विश्ववार्ता) जहां पूरा देश व पंजाब गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारियों मे जुटा है वहीं अब आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की एक और वीडियो सामने आने से पंजाब पुलिस के हाथपांव फूल गए है। पन्नू ने अपनी इस वीडियो में पी.ए.यू के छात्रों को भडक़ाने की कोशिश की है।
आपको बता दें कि 26 जनवरी को पी.ए.यू में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तरफ से झंडा फहराया जएगा। इसके चलते पन्नू ने वीडियो में छात्राओं को भडक़ाया है कि वह भगवंत मान का विरोध करें। हालांकि, वीडियो सामने आने पर पुलिस की तरफ से सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया गया है।
सीएम मान और डीजीपी पंजाब को भी दी थी धमकी
आतंकी पन्नू मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को भी मारने की धमकी दे चुका है। उसने यह धमकी एक वीडियो जारी कर दी थी और इसमें उसने पंजाब के गैंगस्टरों को उसके साथ संपर्क करने के लिए कहा था और अपना नंबर भी शेयर किया था। उसने धमकी दी थी कि 26 जनवरी के दिन वह पंजाब का माहौल खराब करेगा। पन्नू ने सीएम मान को पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह से जोड़ा था और डीजीपी गौरव यादव को भी पूर्व डीजीपी गोबिंद राम बताया था। उसकी बातों का जवाब सीएम मान ने एक कार्यक्रम में पत्रकार द्वारा पूछे गए एक सवाल में दे दिया था। उन्होंने साफ शब्दों में कहा था कि ऐसी धमकियां मुझे लोकसेवा से नहीं रोक सकती। वह राज्य की शांति, तरक्की और खुशहाली के रखवाले हैं।
























