
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर परिसर में किया कुबेर टीला का दौरा
आज मैं पूरे पवित्र मन से महसूस कर रहा हूं कि कालचक्र बदल रहा है-पीएम नरेंद्र मोदी
चंडीगढ, 22 जनवरी (विश्ववार्ता) अयोध्या पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद कुबेर टीला स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की. अयोध्या में स्थित कुबेर टीला पर एक प्राचीन शिव मंदिर है। श्री राम मंदिर के निर्माण के साथ-साथ श्रीराम भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस मंदिर का भी पुनरुद्धार करवाया है। बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या राम मंदिर के परिसर में ‘जटायु’ की एक मूर्ति का अनावरण किया। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में शामिल कार्यकर्ताओं पर फूलों की वर्षा की।
पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर परिसर में जटायु की मूर्ति पर फूल अर्पित किए, इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर निर्माण दल का हिस्सा रहे कार्यकर्ताओं पर फूलों की वर्षा की. प्राण प्रतिष्ठा के पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा “आज मैं पूरे पवित्र मन से महसूस कर रहा हूं कि कालचक्र बदल रहा है, यह सुखद संयोग है कि हमारी पीढ़ी को एक कालजयी पथ के शिल्पकार के रूप में चुना गया है हजारों वर्ष बाद की पीढ़ी राष्ट्र निर्माण के हमारे आज के कार्यों को याद करेगी इसलिए मैं कहता हूं यही समय है, सही समय है।
गौरतलब है कि पूरे देश को अयोध्या नगरी में बन रहे भव्य राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का इंतज़ार था जोकि आज आखिरकार खत्म हो गया। इसके लिए पूरी अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। चहुं ओर राम नाम की गूंज सुनाई दी। लोगों में भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस बहु-प्रतीक्षित समारोह के धार्मिक अनुष्ठानों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए और कई विद्वान ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार कर इस समारोह को पूर्ण किया गया। भगवान राम के बाल रूप राम लला की मूर्ति की ‘प्राण प्रतिष्ठा’ में देश के प्रमुख आध्यात्मिक और धार्मिक संप्रदायों के प्रतिनिधियों, विभिन्न आदिवासी समुदायों के प्रतिनिधियों सहित सभी क्षेत्रों के प्रमुख लोग शामिल हुए। इसके साथ ही राम लला के आगमन की ख़ुशी में अयोध्या में विभिन्न स्थानों से तरह-तरह के तोहफे पहुंचे।























