
पटवारियों व कानूनगो ने सरकार से वार्ता न होने के चलते अपनी हड़ताल अब इस तारिख तक बढ़ाई
चंडीगढ, 20 जनवरी (विश्ववार्ता) हरियाणा मे पटवारियों व कानूनगो ने सरकार से वार्ता न होने के चलते अपनी हड़ताल अब 25 जनवरी तक बढ़ाई है। पे-ग्रेड बढ़वाने समेत अन्य मांगों को लेकर 79 पटवारी व 20 कानूनगो 3 जनवरी से हड़ताल पर हैं। शुक्रवार को पटवारियों व कानूनगो के समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ व रिटायर्ड कर्मचारी संघ के सदस्यों ने प्रदर्शन किया और लघु सचिवालय में तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के प्रधान जयबीर चहल ने बताया कि उन्होंने सांकेतिक धरना देकर सरकार तक अपनी बात पहुंचाने की पूरी कोशिश की, मगर सरकार से अब तक बातचीत का कोई बुलावा नहीं आया है। एसोसिएशन की बहुत ही जायज मांगें हैं, जिन्हें सरकार को स्वीकार कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनसे बातचीत नहीं करती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने अपने धरने को छठे चरण में ले जाने का फैसला किया है। राज्यभर के पटवारी व कानूनगो अब 23, 24 और 25 जनवरी को भी धरने पर रहेंगे।
एसोसिएशन पिछले तीन जनवरी से लगातार हड़ताल पर है। इससे लोगों के रजिस्ट्री से संबंधित व इंतकाल, जमाबंदी, डोमिसाइल व अन्य काम प्रभावित हो रहे हैं। लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। एसोसिएशन की मुख्य मांगें वेतनमान और भर्ती को लेकर है। पिछले कई सालों से पटवारियों की भर्ती नहीं हुई है। वहीं, एसोसिएशन की हड़ताल के समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ भी उतर आया है। सभी जिलों में एसोसिएशन ने उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भिजवाए है।





















