
चंडीगढ़ मेयर का चुनाव स्थगित, अब इस तारिख को होगा मतदान
मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने पहली बार गठबंधन कर भाजपा के खिलाफ ताल ठोकी
चंडीगढ, 19 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ के नगर निगम मेयर के चुनाव को स्थगित कर दिया गया है. चुनाव की नई तारीख भी घोषित कर दी गयी है। अब 6 फरवरी को चुनाव होंगे। 18 जनवरी को होने वाले मेयर के चुनाव को टालने का कारण पीठासीन अधिकारी का बीमार होना बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार चुनाव अधिकारी अनिल मसीह बीमार हो गए हैं और इस वजह से मेयर चुनाव को टाला दिया गया है।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ महापौर का चुनाव गठबंधन में लडऩे को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच सहमति बन गई थी। सूत्रों ने कहा था कि व्यवस्था के तहत आप महापौर की सीट के लिए लड़ेगी जबकि कांग्रेस वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर के पद पर चुनाव लड़ेगी। आप के 13 और कांग्रेस के सात पार्षद हैं सदन में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का एक पार्षद है महापौर, वरिष्ठ उपमहापौर और उपमहापौर पद के लिए गुरुवार को मतदान होगा। कांग्रेस ने 2022 और 2023 में मतदान में भाग नहीं लिया था जिससे महापौर के चुनाव में भाजपा की जीत हुई. सदन के पांच साल के कार्यकाल के दौरान हर साल तीन पदों के लिए चुनाव होते हैं. इस साल महापौर की सीट अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए सुरक्षित है।
मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने पहली बार गठबंधन कर भाजपा के खिलाफ ताल ठोकी है। नगर निगम की ओर से घोषणा की गई थी कि वीरवार (18 जनवरी) सुबह 11 बजे मेयर चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। गठबंधन के प्रत्याशी कुलदीप कुमार टीटा और भाजपा प्रत्याशी मनोज सोनकर के बीच मेयर पद पर मुकाबला था। वर्तमान में गठबंधन के पास 20 वोट हैं जबकि भाजपा के पास 15। कोई उलटफेर नहीं होता तो गठबंधन का मेयर बनना तय था।
चुनाव में हिस्सा लेने के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के सभी पार्षद रोपड़ से सुबह करीब 10:30 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंचे। उन्हें वहां पहुंचकर पता चला कि मेयर चुनाव टाल दिया गया है। इससे आप और कांग्रेस के सभी पार्षद आग-बबूला हो उठे। सभी ने नारेबाजी करते हुए कहा कि भाजपा देश से चुनाव खत्म करना चाहती है। यह उदाहरण है कि भाजपा अगर कहीं भी हार रही होगी तो वह चुनाव ही नहीं कराएगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात रही। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पार्षदों ने कहा कि अगर मेयर चुनाव नहीं होना है तो भी उन्हें नगर निगम कार्यालय में जाना है लेकिन पुलिस ने नहीं जाने दिया।





















