
भुलत्थ हलके से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा जेल से रिहा
खैरा के बेटे मेहताब खैहरा का पहला बयान आया सामने
चंडीगढ, 16 जनवरी (विश्ववार्ता) भुलत्थ हलके से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा नाभा जेल से बाहर आ गए हैं। कपूरथला कोर्ट ने खैहरा की जमानत याचिका मंजूर करते हुए उन्हें जमानत दे दी है। जमानत मिलने के बाद खैहरा नाभा जेल से बाहर आ गए हैं। माननीय न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत याचिका पर अपना फैसला सुनाया। यहां बता दें कि खैहरा के खिलाफ महिला ने धमकी देने के आरोप में सुभानपुर थाने में केस दर्ज कराया था। जेल से बाहर आते ही खैहरा का जोरदार स्वागत किया गया। खैहरा को समर्थकों ने फूलमालाएं पहनाईं और लड्डुओं से मुंह मीठा कराया। इस दौरान सुखपाल खैहरा ने हरे रंग की पगड़ी पहन रखी थी। बता दें कि एन.डी.पी.एस. केस में पहले से सुखपाल खैहरा को जमानत मिल चुकी है
खैरा के वकील कंवलजीत सिंह और रजत ढिल्लों ने बताया कि 6 जनवरी को कपूरथला कोर्ट ने सुखपाल खैहरा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के बाद जमानत याचिका दायर की थी। इसके चलते पुलिस ने 9 जनवरी को रिकार्ड जमा नहीं किया तो कोर्ट ने 11 जनवरी को रिकार्ड जमा करने का आदेश दिया। उस दिन भी रिकार्ड पेश नहीं हुआ तो 12 जनवरी को रिकार्ड पेश करने के आदेश दिए गए। पुलिस रिकॉर्ड पेश करने के बाद आज कोर्ट ने खैहरा की जमानत याचिका मंजूर कर ली है।
इस बीच सुखपाल खैरा के बेटे मेहताब सिंह खैहरा का पहला बयान सामने आया है। बेटे मेहताब सिंह खैहरा ने कहा है, ”दोस्तों, ईश्वर की कृपा और आप सभी की प्रार्थनाओं से उसका पिता सुखपाल सिंह खैहरा जी को जमानत मिल गई है। सच को कुछ समय के लिए परेशान जरूर किया जा सकता है पर सच को हराया नहीं जा सकता। मेरे पिता जल्द ही आप सभी के बीच होंगे।”





















