
अवैध खनन के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पंजाब सरकार को जारी किया नोटिस
चंडीगढ, 15 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब में अवैध खनन के मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। दरअसल, रोपड़ में अवैध खनन के मामले में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा एनजीटी में एक याचिका दायर की गई थी। इस याचिका पर सोमवार को सुनवाई के दौरान यह नोटिस सरकार को जारी किया गया है।
एन. जी. टी. ने सरकार से 11 मार्च तक जवाब मांगा है और जिला अधिकारियों को नोटिस जारी कर उनके क्षेत्र में खनन को लेकर रिपोर्ट मांगी है। इस बारे में मीडिया से बात करते हुए नवजोत सिद्धू ने कहा कि कोर्ट भी पंजाब सरकार के अधिकारियों को बुला कर कह चुकी है कि वे खनन के मामले में फेल हैं। उन्होंने कहा कि जहां खनन हो रहा है, वहां मैन्युअल खनन के निर्देश है।
मैन्युअल खनन का मतलब है कि खनन के लिए किसी मशीन का उपयोग नहीं किया जाता है और 10 फीट से नीचे नहीं जा सकता है, लेकिन जहां खनन हो रहा है, वहां 50 फीट की खाई है, जिससे बाढ़ के दौरान हजारों गांव डूब गए हैं। नवजोत सिद्धू ने कहा कि पंजाब हमारी पहचान है और अगर हम अपनी पहचान खो देंगे तो हम बिखर जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे गुरुओं ने भी अपनी बाणी में जल, वायु और पृथ्वी को बचाने का संदेश दिया है और हमें भी इसे बचाना चाहिए।























