
चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए सियासत तेज:
चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन
कांग्रेस ने तीनों पदों के उम्मीदवारों की घोषणा की, 18 जनवरी को होंगे मतदान
चंडीगढ, 13 जनवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ में मेयर चुनाव 18 जनवरी को होने हैं. ऐसे में सियासी पारा भी चढ़ गया है. कांग्रेस ने अपने तीनों प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है जिससे आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है. वहीं, बीजेपी की स्थिति इन दोनों पार्टियों से ज्यादा मजबूत नजर आ रही है।इस वर्ष मेयर का चुनाव लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भी काफी महत्वपूर्ण है। जिस भी दल का मेयर बनेगा, वह लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी की जीत के लिए जमीन तैयार करेगा। लोकसभा चुनाव की जीत और हार काफी हद तक बनने वाले मेयर की घोषणाओं और कार्यों पर भी निर्भर करेगा।
कांग्रेस ने शुक्रवार को तीनों पदों के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी, लेकिन भाजपा और आम आदमी पार्टी भितरघात के डर से उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नामांकन के दौरान ही करेगी। शुक्रवार को पूरे दिन जोड़तोड़ की जद्दोजहद चलती रही। चर्चाएं चल रही हैं कि 18 से पहले आप-कांग्रेस के बीच सहमति बन सकती है।शनिवार सुबह 11 से शाम पांच बजे के बीच सेक्टर-17 स्थित नगर निगम कार्यालय में नामांकन भरे जाएंगे। कांग्रेस के उम्मीदवार दोपहर 12 बजे नामांकन के लिए पहुंचेंगे। भाजपा ने सुबह 11 बजे सेक्टर-33 स्थित कार्यालय में सभी पार्षदों की बैठक बुलाई है।
सेक्टर-17 स्थित नगर निगम कार्यालय में सुबह 11 बजे से मेयर चुनाव की कार्यवाही शुरू होगी। सबसे पहले मेयर पद के लिए मतदान होंगे और उसके बाद सीनियर डिप्टी मेयर और फिर डिप्टी मेयर के लिए वोट डाले जाएंगे। वोटिंग बैलेट पेपर के माध्यम से कराई जाएगी। इस बार कांग्रेस ने भी उम्मीदवार खड़े कर दिए हैं। अगर 18 से पहले वह नाम वापस नहीं लेते हैं तो त्रिकोणीय मुकाबला होगा। ऐसी स्थिति में मेयर चुनाव के लिए दो बार वोटिंग होगी। पहली बार में अगर कोई पार्टी 19 के आंकड़े को नहीं छू पाती है तो सबसे कम वोट पाने वाली पार्टी मेयर चुनाव के रेस से बाहर हो जाएगी और दोबारा मेयर के लिए बाकी बची दोनों पार्टियों के लिए वोटिंग होगी। इस स्थिति में किंग मेकर कांग्रेस होगी। कांग्रेस के पार्षद जिसे वोट देंगे वह मेयर बन जाएगा और अगर कांग्रेस ने वोट नहीं देने का फैसला किया तो भी वर्तमान आंकड़ों के अनुसार भाजपा का मेयर बन जाएगा।
वर्तमान में वोट का गणित
भाजपा: 15 पार्षद + एक सांसद
आम आदमी पार्टी: 12
कांग्रेस: 7
अकाली दल: 1
आप की स्थिति पर नजर डाले तो –
आम आदमी पार्टी में पार्षद पूनम, कुलदीप सिंह, नेहा में से एक उम्मीदवार होगा। सूत्रों के अनुसार पार्टी पार्षद पूनम पर दाव खेल सकती है। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद पर पार्टी किसी सुलझे हुए नेता को खड़े करने की तैयारी में है। हालांकि अगर गठबंधन होता है तो इन दोनों पदों को कांग्रेस को भी दिया जा सकता है।
भाजपा की स्थिति पर नजर डाले तो –
भाजपा में मेयर पद के लिए पार्षद मनोज सोनकर और लखबीर सिंह में से एक उम्मीदवार हो सकता है। सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के लिए भाजपा ने पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन माना जा रहा है कि पार्षद कुलजीत सिंह संधू और जसमनप्रीत सिंह बाजी मार सकते हैं।
कांग्रेस की स्थिति पर नजर डाले तो –
कांग्रेस ने मेयर पद पर पार्षद जसबीर सिंह बंटी को मैदान में उतारा है। सीनियर डिप्टी मेयर गुरप्रीत सिंह गाबी और डिप्टी मेयर के लिए निर्मला देवी मैदान में होंगी। अगर मेयर चुनाव के दिन से पहले कांग्रेस और आदमी पार्टी के बीच गठबंधन नहीं होता है तो कांग्रेस के तीनों उम्मीदवारों का हारना तय है।























