
कड़ाके की ठंड से बेहाल हुआ पूरा उत्तर भारत
पंजाब में अभी बर्फीली हवाओं से राहत नहीं, तीन दिन तक बर्फीली हवाओं से राहत के आसार नहीं
चंडीगढ, 12 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब सहित पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण ठंड की चपेट मे है। इस समय जबरदस्त ठंड पड़ रही है और तेज हवाएं भी चल रही हैं। घने कोहरे से आम जनजीवन पर काफी असर पड़ा है। बर्फीली हवाओं से राहत नहीं मिल रही है। अब मौसम विभाग ने दिन और रात में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। इस दौरान विजिबिलिटी भी कम हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक 15 जनवरी तक मौसम ऐसा ही रहेगा। पंजाब के जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, लुधियाना, बरनाला, मनसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में घने कोहरे के आसार है।
मौसम विभाग के मुताबिक 12 से 16 जनवरी तक बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही पंजाब में रात के तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, हालांकि यह अब सामान्य के करीब है। फरीदकोट में सबसे कम तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया। बठिंडा में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री, गुरदासपुर में 4.5 डिग्री, एस.बी.एस. नगर में 5.4 डिग्री, अमृतसर में 5.6 डिग्री और लुधियाना में 6.3 डिग्री रहा।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड से लेकर यूपी-बिहार तक समूचा उत्तर भारत बृहस्पतिवार को भी कड़ाके के ठंड से बेहाल रहा। कई दिनों के बाद दोपहर में खिली धूप ने थोड़ी राहत दी लेकिन शाम होते ही फिर बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। वहीं, कोहरे ने भी रेल, हवाई और सडक़ यातायात को बाधित रखा। दिल्ली-एनसीआर में आज कोहरे की चादर है।
मौसम विभाग के मुताबिक अभी अगले तीन दिन तक बर्फीली हवाओं से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। वहीं, चार-पांच दिन तक कोहरे का कहर भी बदस्तूर जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजस्थान में 12 से 14 जनवरी तक शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं, हरियाणा और पंजाब में भी 12 और 13 जनवरी को बर्फीली हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश के आगरा में बृहस्पतिवार को घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य पर पहुंच गई। वहीं, लखनऊ में दृश्यता 25 मीटर दर्ज की गई, जबकि वाराणसी में यह आंकड़ा 50 रहा।























