
चंडीगढ़, 11 जनवरी: (विश्ववार्ता): हरियाणा में 15 जनवरी से ‘घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’ अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इसका मकसद हर घर और हर वोटर तक कांग्रेस की नीतियों और सरकार की नाकामियों को पहुंचना है। बुधवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी की प्रदेश स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया। इसकी अध्यक्षता पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया ने की। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, पार्टी विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ नेता और कांग्रेस वॉलिंटियर्स बैठक में शामिल हुए। दीपक बाबरिया ने बताया कि हरियाणा कांग्रेस लगातार चुनावी मोड में कार्य कर रही है।
14 तारीख से राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू होने जा रही है। इसे भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तरह ऐतिहासिक समर्थन मिलने की उम्मीद है। ठीक इसके अगले दिन हरियाणा कांग्रेस की तरफ से नए अभियान की शुरुआत कर दी जाएगी। इससे पहले लगातार पार्टी द्वारा जन आक्रोश रैलियां हो रही हैंए जिनको जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब हर घर कांग्रेस अभियान के जरिए वोटर्स से वन टू वन संवाद स्थापित किया जाएगा।
कार्यकर्ता जनता को बताएंगे कि कैसे कांग्रेस अपने वादे निभाने के लिए जानी जाती है जबकि बीजेपी वादे तोडऩे के लिए। राजस्थान में 500 सिलेंडर की घोषणा से बीजेपी मुकर गई है। हरियाणा समेत पूरे देश में महंगाई और असमानता का माहौल है। जींद से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, नारनौल से चौधरी उदयभान और रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ‘घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस’ अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा, लोकसभा चुनाव के लिए चंडीगढ़ और दिल्ली में पांच-पांच लोकसभा क्षेत्रों के लिए वार रूम स्थापित किए जाएंगे।





















