
चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक जारी
बैठक मे जोरदार हंगामा, आप पार्षदों ने जताया विरोध
विपक्ष ने अनूप गुप्ता को बताया सबसे फ्लॉप मेयर
चंडीगढ, 9 जनवरी (विश्ववार्ता) चंडीगढ़ नगर निगम की 330वीं बैठक आज चल रही है। चंडीगढ़ के मेयर अनूप गुप्ता के कार्यकाल की यह आखिरी बैठक है। बैठक शुरू होते ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने सदन में जमकर हंगामा किया। विपक्ष के पार्षदों की तरफ से अनूप गुप्ता को अब तक का सबसे फ्लॉप मेयर बताया गया है। पार्षदों का आरोप है कि किसी भी मसले पर अनूप गुप्ता द्वारा कोई काम नहीं किया गया है। विपक्ष का आरोप है कि मेयर ने अपने कार्यकाल में सभी महीनों की बैठक नहीं बुलाई।
बैठक में तीन मुख्य एजेंडों के अलावा 10 सप्लीमेंट्री एजेंडों पर विस्तार से चर्चा होगी। तीन मुख्य एजेंडों में 52वें रोज फेस्टिवल के आयोजन के लिए अनुमानित राशि को मंजूरी देने, 345 ड्राइवर (एलएमवी), 14 सुपरवाइजर, 5 डाटा एंट्री ऑपरेटर और एक अकाउंट क्लर्क मुहैया करने के लिए नए टेंडर को अनुमति देने, और पांच वाटर बूजर वॉटर टैंक खरीदने का एजेंडा है।
इससे पहले कल कांग्रेस से लेकर आप ने अपनी अपनी प्री-हाउस बैठक बुलाकर अपने पार्षदों को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। दलों को पार्षदों के इधर-उधर होने की चिंता सता रही है। सदन बैठक का एक जरिया भी बन सकती है। पार्षदों को थामे रहना ही चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। अब प्री-हाउस की एकजुटता का कितना असर पड़ता है यह तस्वीर सदन बैठक में साफ हो सकेगी। कुल मिलाकर मेयर चुनाव का ट्रेलर सदन बैठक में दिखाई दे सकता है।
वहीं, शहरवायिसों को दो पहिया वाहन के लिए फ्री एंट्री का टेबल एजैंडा सत्ता पक्ष भाजपा की ओर से लाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार प्री-हाऊस में इस प्रस्ताव पर सहमति बन गई। लोक सभा के चुनावी वर्ष को देखते हुए भाजपा इस प्रस्ताव को लाकर क्रैडिट भी लेना चाहती है, खुद मेयर ने दीवाली के मौके पर इसका ऐलान किया था लेकिन प्रशासनिक मंजूरी नहीं मिलने की वजह से वह अपने ही दल और विपक्ष में घिर गए थे। इस प्रस्ताव को लाकर और पारित कराकर वर्तमान मेयर अपनी शानदार विदाई लेने की कोशिश करेंगे। ऐसे में इस प्रस्ताव पर विपक्ष हमले भी बोल सकता है।























