हरियाणा में अवैध खनन मामले में ED की बड़ी कार्रवाई …
चंडीगढ, 9 जनवरी (विश्ववार्ता) अवैध माइनिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने पंचकूला में दबिश दी। माइनिंग कॉन्ट्रैक्टर के घर पर सुबह से रेड चल रही है। ईडी टीम माइनिंग कॉन्ट्रैक्टर के सेक्टर 4 स्थित घर और माइनिंग साइट दोनों जगह टीम सुबह-सुबह पहुंच गई थी।
सुबह चार इनोवा गाड़ियों में तीन ईडी ऑफिसर और सीआरपीएफ के जवान पहुंचे। इसके बाद से ईडी के ऑफिसर सभी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। बता दें पिछले दिनों हरियाणा के इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के घर लगातार पांच दिन ईडी की रेड चली थी, इसके बाद पूर्व विधायक को गिरफ्तार कर लिया गया था।गौरतलब है कि ईडी दिलबाग सिंह के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले की जांच कर रही है. ईडी ने अवैध खनन से जुड़े धनशोधन मामले में कई ठिकानों पर छापेमारी की थी।
ईडी की तलाशी
अधिकारियों के मुताबिक दिलबाग सिंह और उनके सहयोगियों के घर पर ईडी की तलाशी के दौरान अवैध विदेशी हथियार, 300 कार्टून, 100 से अधिक शराब की बोतलें और 5 करोड़ नकद, 4/5 किलोग्राम बुलियन बरामद किए गए हैं. इसके अलावा भारत और विदेशों में संपत्तियों की संख्या सहित कई अवैध खनन से संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
दिलबाग सिंह, इंडियन नेशनल लोकदल के नेता हैं. वे यमुनानगर से 2009-14 के बीच विधायक थे. वहीं 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में दिलबाग सिंह को हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव में वे हरियाणा के सबसे अमीर उम्मीदवारों में से एक थे। दिलबाग सिंह ने अपनी 34 करोड़ संपत्ति की घोषणा की थी। दिलबाग सिंह कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से साल 1994 के ग्रेजुएट हैं. इनका ट्रांसपोर्ट और माइनिंग का बिजनेस है। दिलबाग सिंह आईएनलडी नेता अभय सिंह चौटाला के समधी भी हैं. करीब 4 साल पहले दिलबाग सिंह की बेटी की शादी अभय सिंह चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला के साथ हुई थी।
























