
पंजाब कांग्रेस इंचार्ज देवेंद्र यादव आज चंडीगढ मे कांग्रेस नेताओं से करेगें मुलाकात
पार्टी नेताओं की लोकसभा चुनाव को लेकर टटोलेंगे नब्ज भी
चंडीगढ, 9 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब कांग्रेस के इंचार्ज देवेंद्र यादव आज चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। आज से वह पार्टी नेताओं की लोकसभा चुनाव को लेकर नब्ज भी टटोलेंगे। वह 11 जनवरी तक चंडीगढ़ रहेंगे। देवेंद्र यादव चंडीगढ़ मे पार्टी के सीनियर नेताओं, जिला प्रधानों और वर्करों से मुलाकात करेंगे। इनके अलावा पूर्व कांग्रेस विधायकों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ भी उनकी अलग-अलग समय बैठक होगी।
नौ जनवरी को देवेंद्र यादव सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में सुबह 11 से दोपहर 3:30 बजे तक पार्टी के सीनियर नेताओं, सांसदों, पूर्व सांसदों के अलावा पूर्व विधायकों और मौजूदा विधायकों के साथ बैठक करेंगे।
हाईकमान ने देवेंद्र यादव को पंजाब कांग्रेस की कमान ऐसे समय में सौंपी है जब प्रदेश इकाई आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार होना चाह रही है, लेकिन पार्टी के भीतर धड़ेबंदी भी किसी से छिपी नहीं है और देवेंद्र यादव के लिए इतने कम समय में पार्टी को एकजुट कर चुनाव में उतारना मुख्य चुनौती होगी। लोकसभा चुनाव के लिए पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच गठबंधन के मुद्दे पर धड़ेबंदी चरम पर है। नवजोत सिंह सिद्धू और रवनीत सिंह बिट्टू खुलकर आप से गठबंधन का पक्ष ले रहे हैं जबकि प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग और नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा व सुखजिंदर सिंह रंधावा भी खुलकर इसका विरोध कर रहे हैं।
यादव ने कहा ‘‘हम चंडीगढ़ में वरिष्ठ नेताओं और ब्लॉक अध्यक्षों सहित विभिन्न पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। मैं लोगों की भावनाएं जानना चाहता हूं. पार्टी नेतृत्व ने कुछ दिन पहले स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा था कि हमारे नेताओं और लोगों की जो भावना होगी, उसी के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा.’’ पंजाब कांग्रेस के कई नेता लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में सत्तारूढ़ ‘आप’ के साथ किसी भी गठबंधन के खिलाफ हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूत थी, है और मजबूत रहेगी. उन्होंने कहा, ‘‘हमारा संगठन विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों को सडक़ से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठाता है।























