
देश के आधे से ज्यादा राज्यो मे भीषण ठंड और घने कोहरे का कहर जारी
देशभर में ट्रेन और उड़ान सेवा भी प्रभावित, दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश की संभावना
चंडीगढ, 9 जनवरी (विश्ववार्ता) देश के उत्तर भारत सहित आधे से अधिक हिस्से मे भीषण ठंड और घने कोहरे का कहर बरस रहा है। जिससे आम जन जीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है लोगो के दिनचर्या के कार्यो में ठंड व कोहरे का असर साफ देखा जा रहा है तो वही घने कोहरे की मार से देशभर में ट्रेन और उड़ान सेवा भी प्रभावित हुई। सिर्फ दिल्ली में ही 80 ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान पर असर पड़ा है। ये ट्रेनें एक से 6 घंटे की देरी से चलीं। इनमें बंगलूरू-निजामुद्दीन और भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी, कानपुर-नई दिल्ली श्रमशक्ति, प्रयागराज-नई दिल्ली एक्सप्रेस, अमृतसर-मुंबई एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। वहीं, 50 से अधिक उड़ानें भी प्रभावित हुईं। इन उड़ानों के आगमन-प्रस्थान के निर्धारित समय में 15 से 30 मिनट तक की देरी हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के बाद मौसम साफ हो सकता है। अनुमान है कि दिल्ली के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़त हो सकती है। दिल्ली में 14 जनवरी तक सुबह के समय हल्की से मध्य स्तर का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, अधिकतम तापमान बढक़र 19 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान 11 जनवरी तक बढक़र आठ डिग्री तक पहुंच सकता है। उसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होने का अनुमान है। संभावना है कि 14 जनवरी तक इसमें दो डिग्री तक गिरावट हो सकती है।





















