
पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी मामला:
भारतीय विदेश मंत्रालय ने मालदीव के उच्चायुक्त इब्राहिम साहिब को किया तलब
चंडीगढ, 8 जनवरी (विश्ववार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी को लेकर मामला तेजी से गरमाता जा रहा है। इस मामले को लेकर आज दिल्ली के साउथ ब्लॉक में स्थित भारतीय विदेश मंत्रालय ने मालदीव के उच्चायुक्त इब्राहिम साहिब को तलब किया है। । सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि भारत ने इस पूरे विवाद को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की है। इससे पहले पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी को लेकर मालदीव ने नरमी दिखाई थी। मालदीव ने विवादित बयान से जुड़े तीन मंत्रियों को बर्खास्त कर दिया था। यह विवाद ऐसे समय शुरू हुआ, जब राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू एक सप्ताह की चीन यात्रा पर रवाना हुए हैं।
नई दिल्ली में एक आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि माले में भारतीय उच्चायुक्त ने रविवार को मालदीव के विदेश मंत्रालय के सामने इस मुद्दे को उठाया था। मालदीव के मंत्रियों द्वारा पीएम मोदी के खिलाफ विवादित टिप्पणियों की भारत में काफी आलोचना हुई है। वहीं कई मशहूर हस्तियों ने लोगों से मालदीव जाने के बजाय घरेलू पर्यटन स्थानों पर जाने का आग्रह किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट में यह भी बताया गया कि इस मामले के कारण कई लोगों ने मालदीव की अपनी यात्रा रद्द कर दी है।























