
चंडीगढ शहर मे मेयर चुनाव को लेकर लगा सियासी पारा चढने
मेयर चुनाव के लिए तिथियों की घोषणा इस हफ्ते होने की संभावना
चंडीगढ, 8 जनवरी (विश्ववार्ता) एक तरफ जहां इस साल होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर देश की राजनीति पूरी तरह से गर्माने लगी है तो दूसरी तरफ चंडीगढ शहर मे मेयर चुनाव को लेकर शहर का सियासी पारा चढऩे लगा है। इस वर्ष मेयर का चुनाव लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भी काफी महत्वपूर्ण है। जिस भी दल का मेयर बनेगा, वह लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी की जीत के लिए जमीन तैयार करेगा। लोकसभा चुनाव की जीत और हार काफी हद तक बनने वाले मेयर की घोषणाओं और कार्यों पर भी निर्भर करेगा।
भाजपा अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है लेकिन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में गठबंधन की चर्चाओं ने हलचल बढ़ा दी है। कांग्रेस ने चुनाव को लेकर प्रस्तावों की बात कहकर चर्चाओं को हवा दे दी है लेकिन आप की तरफ से इन्कार किया जा रहा है। उधर, डीसी विनय प्रताप सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि जल्द चुनाव की तिथि की घोषणा कर दी जाएगी। वर्तमान मेयर का कार्यकाल 17 जनवरी तक है। इससे पहले नए मेयर का चुनाव होना संपन्न कराना है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने डीसी को पत्र लिखकर जल्द तिथियों की घोषणा करने की मांग कर दी है।
इस बार मेयर का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। माना जा रहा है कि चुनाव की तिथि तय कर ली गई है और दो-तीन दिन में निगम को इसकी घोषित कर दी जाएगी। तैयारियों पर भाजपा नेताओं का कहना है कि उनके पार्षद एकजुट हैं और मेयर उनका ही बनेगा। हालांकि, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में हलचल है। वही दूसरे खेमे के पार्षदों से मिलने और समर्थन मांगने का दौर जारी है। एक-दूसरे पार्षदों को फोन करके समर्थन मांगा जा रहा है। दफ्तरों में मिलने-जुलने का क्रम भी जारी है।
भाजपा: 14 पार्षद + एक सांसद
आम आदमी पार्टी: 13
कांग्रेस: 7
अकाली दल: 1























