
पूरा उत्तर भारत में शीतलहर की ठंडी हवाओं से कांपा
अगले दो दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं
चंडीगढ, 7 जनवरी (विश्ववार्ता) पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण ठंड की चपेट मे है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में अगले दो दिन कड़ाके की ठंड की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के त्रिपुरा तक में कहीं घना तो कहीं अत्यधिक घना कोहरा देखा गया। इसका असर सडक़, हवाई और रेल यातायात पर पड़ा। घने कोहरे के कारण पंजाब में सडक़ दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई।
इस दौरान उत्तर पश्चिम भारत में घना कोहरा भी छाया रहेगा। ताजा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी पडऩे वाला है और इसके चलते 8 से 10 जनवरी तक उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के क्षेत्रों में गरज के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अगले पांच दिनों तक तमिलनाडु और अगले दो दिनों तक केरल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में चल रही ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ी हुई है। शनिवार को भी धूप नहीं निकली। दिन भर बादल छाए रहे। हालांकि हवाओं के रुख में आए बदलाव के कारण तापमान में मामूली बढ़त दर्ज की गई। आने वाले दिनों में भी तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।





















