बांग्लादेश में आम चुनावों के लिए मतदान आज
विपक्षी दलों ने किया बहिष्कार, जानें क्या है वजह ?
राजनीतिक दलों के 1,500 से अधिक उम्मीदवार मैदान में
चंडीगढ, 7 जनवरी (विश्ववार्ता) बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए रविवार को मतदान होगा, जिसमें मुख्य विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अनुपस्थिति के कारण प्रधानमंत्री शेख हसीना के लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने की उम्मीद है। विपक्षी दल बीएनपी ने चुनाव का बहिष्कार किया है और ‘‘अवैध सरकार” के खिलाफ 48 घंटे की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। चुनाव आयोग ने कहा कि उसने देश भर के 300 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की तैयारी लगभग पूरी कर ली है और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की है।
विदेश सचिव मसूद बिन मोमिन ने बताया कि पंजीकृत पर्यवेक्षक सड़क के रास्ते होटल सोनारगांव से दो घंटे की दूरी पर स्थित मतदान केंद्रों तक जा सकेंगे इसके अलावा वे ढाका से बाहर उन ज़िलों तक जा सकेंगे जो हवाई मार्ग से जुड़े हैं।चुनाव आयोग ने 12वें संसदीय चुनाव के लिए 127 विदेशी पर्यवेक्षकों और 73 पत्रकारों को पंजीकृत किया है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, 42,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर रविवार को होने वाले मतदान में कुल 11.96 करोड़ पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव में 27 राजनीतिक दलों के 1,500 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं और उनके अलावा 436 निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं। भारत के तीन पर्यवेक्षकों समेत 100 से अधिक विदेशी पर्यवेक्षक 12वें आम चुनाव की निगरानी करेंगे। यह चुनाव कड़ी सुरक्षा के बीच कराया जा रहा है।






















