
राजधानी दिल्ली सरकार ने सर्दियों की छुट्टियां बढ़ाने का आदेश लिया वापस
इस तारिख को ही खुलेगे स्कूल
चंडीगढ, 7 जनवरी (विश्ववार्ता) राजधानी दिल्ली पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड झेल रही है। जिस वजह से दिल्ली सरकार ने सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी कर दी है, जो 6 जनवरी (शनिवार तक) को समाप्त हो गईं। हाल ही में शिक्षा निदेशालय ने इन छुट्टियों को आगे बढ़ाने का आदेश दिया था, जो फिर से वापस ले लिया गया। यानी कि स्कूलों की अब सोमवार से खुलने की संभावना है। दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग ने देर रात ट्वीट कर कहा कि शीतकालीन अवकाश बढ़ाने का आदेश गलती से जारी किया गया था। आदेश को तत्काल वापस ले लिया गया है।
शनिवार को दिल्ली के अधिकतर इलाकों में सीवियर कोल्ड डे जैसी स्थिति रही। सुबह से ही मौसम सर्द रहा। दोपहर में भी धूप नहीं निकलने के कारण लोगों को कंपकंपी महसूस हुई। वहीं शाम ढलते ही ठंड भी बढ़ गई। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिन के समय आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। दिल्ली में पूरे सप्ताह सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। जबकि नौ जनवरी को हल्की बारिश या बूंदा-बांदी के आसार हैं।





















