स्वाति मालिवाल को राज्यसभा भेजेगी आम आदमी पार्टी
तीनों सीटों पर AAP को बहुमत, जानिये कौन है स्वाति स्वाति मालीवाल
स्वाति मालीवाल ने अपने 8 साल के कार्यकाल की रिपोर्ट पेश की
चंडीगढ, 5 जनवरी (विश्ववार्ता)आम आदमी पार्टी ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है। स्वाति मालीवाल पहली बार राज्यसभा सदस्य बनेंगी। आम आदमी पार्टी ने अपने मौजूदा राज्यसभा सांसद ND गुप्ता को दोबारा राज्यसभा भेजने का फैसला किया। वहीं, संजय सिंह भी दोबारा राज्यसभा जाएंगे। आम आदमी पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी ने मंजूरी दे दी है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने अपने 8 साल के कार्यकाल की रिपोर्ट पेश की। मालीवाल ने कहा कि हमने 8 साल में खून-पसीना बहाकर दिल्ली वालों की सेवा की। तमाम चुनौतियों और मुश्किलों के बाद पूरी टीम ने ऐतिहासिक काम किया है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि 1 लाख से ज्यादा शिकायतों पर आयोग ने कार्रवाई की है। साथ ही 500 से ज्यादा सुझाव दिए है।
दिल्ली से राज्य सभा की तीन सीटों के लिए चुनाव होना है। माना जा रहा है कि तीनों सीटें इस बार भी आम आदमी पार्टी के नाम हो सकती हैं। इसकी वजह है कि विधानसभा की 70 सीटों में से 62 सीटों पर आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। वहीं, आठ सीटों पर बीजेपी विधायक हैं। ऐसे में तीनों सीटों पर बड़े बहुमत के कारण राज्य सभा के लिए आम आदमी पार्टी के तीनों उम्मीदवार जीत सकते हैं। दिल्ली निर्वाचन आयोग की तरफ से राज्य सभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह चुनाव 19 जनवरी को होना है। चुनाव परिणाम की घोषणा भी इसी दिन होगी।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं. दिल्ली ही नहीं बल्कि देश-विदेश में आज अपने काम की वजह से उनकी एक अलग पहचान है. स्वाति मालीवाल कैसे इंजीनियर से दिल्ली महिला आयोग के अध्यक्ष पद तक पहुंची और बचपन से लेकर आज वो जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने में जिन परिस्थितियों से गुजरीं और जितना संघर्ष उन्होंने किया, वह अपने-आप में एक मिसाल है. अपनी उपलब्धि से उन्होंने साबित किया है कि बचपन में डरी-सहमी सी रहने वाली लड़की अगर ठान ले तो वो कितनी सशक्त बन सकती हैं।






















