

यूपी के इस गांव मे आये शेर ने खिंचा पूरे देश का ध्यान
चारो तरफ एकत्रित हुई भीड और बीच दीवार पर घंटो बैठा रहा खूंखार शेर
चंडीगढ, 27 दिसंबर (विश्ववार्ता) त्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक वीडियो ने पूरे देश का ध्यान खींचा है जिसमे एक खूंखार शेर जिसकी मात्र एक दहाड से ही पूरा इलाका दहशत से कांप जाता है वह गांव की एक दीवार पर घंटो बैठकर धूप सेंकता रहा और शेर के चारो तरफ शोर मचाती भीड भी घंटो शेर को निहारती रही। लोग हो-हल्ला भी खूब मचा रहे थे। हाथों में मोबाइल लेकर टाइगर के अलग-अलग एंगल से कई सारे वीडियो बनाए गए। लेकिन मजाल है कि टाइगर ने उफ्फ़़ तक किया हो। लोगों को देखकर टाइगर को तनिक भी गुस्सा नहीं आया और वह लगभग 6 से 7 घंटे दीवार पर ही बैठकर बेहद शांति से सुस्त अंदाज में अपने में ही खोया रहा।
दरअसल, पूरा मामला पीलीभीत जिले के अटकोना गांव का है। देर रात पीलीभीत टाइगर रिजर्व से बाहर आकर एक टाइगर गांव आ पहुंचा और यहां आकर एक दीवार पर अपना ठिकाना बना लिया। इधर जब गांव वालों को पता चला कि टाइगर घुस आया है तो लोग दहशत में तो आए लेकिन इसके साथ वह टाइगर के दीदार से पीछे नहीं हटे। गांव और आसपास के लोगों की ऐसी भारी भीड़ टाइगर को घेरकर खड़ी हुई थी जैसे मानो वो चिडिय़ाघर में किसी टाइगर को देख रहे हों।
इधर गांव में टाइगर घुसने की सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में वन विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। लोगों के हो-हल्ले से भडक़कर टाइगर कोई नुकसान न कर पाये। इसके लिए वन विभाग की ओर से जाल लगाकर सुरक्षा घेरा बना दिया गया था। वन विभाग की यह भी कोशिश थी कि भीड़ द्वारा भी टाइगर को नुकसान न पहुंच पाये। इसके साथ ही वन विभाग की टीम ने टाइगर को रेसक्यू करने का काम शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया पर जब पब्लिक ने टाइगर के वीडियो देखे तो सन्न रह गई। पब्लिक को टाइगर के इस प्रकार के रवैये पर यकीन नहीं हो रहा था। लोगों ने लिखा- बहुत खूबसूरत है पीलीभीत से आयी ये तस्वीर। शक्ति का प्रतीक, टाइगर। अपनी बेपनाह ताकत पर बाघ को कितना ऐतबार है। उसे मालूम है की ये भीड़ एक गर्जना पर भाग खड़ी होगी। शायद इसलिए उसने इत्मीनान से सर्दी की धूप का लुत्फ़ उठाया। वहीं लोगों ने लिखा- जगलों को ऐसे ही काटा जाता रहेगा तो जंगली जीव हमारे बीच आएंगे ही. इन्हें स्थान और संरक्षण दीजिये।























