
पंजाब समेत पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में
ठंड के बीच आज दिन में छाए रहेंगे बादल, इन सात जिलों में धुंध का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार हिमपात
चंडीगढ, 24 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब समेत पूरा उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार हिमपात होने से पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में ठंड बढ़ गई है। हिमाचल के कई इलाकों में बारिश भी हुई है। राजस्थान में भी कुछ जगहों पर बूंदाबांदी दर्ज की गई है। हालांकि, एक दिन पहले की तुलना में कल मौसम के मिजाज में कुछ बदलाव आया और दिन में धूप खिलने के बाद तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण ठंड का प्रकोप और भी बढ़ जाएगा। इसके साथ ही शुक्रवार से 3 दिनों तक पंजाब के कई इलाकों में घने कोहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक इस दौरान सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 दिसंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे और सडक़ों पर हल्का कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान ठंडी हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने आज व कल को धुंध का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके तहत सात जिलों में अमृतसर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला में घनी धुंध पड़ सकती है। वहीं, पंजाब के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में भले ही क्रिसमस पर बर्फबारी के आसार नहीं हैं, लेकिन इससे पहले प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। देश-दुनिया में प्रसिद्ध अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर शनिवार को बर्फ से लकदक हो गए हैं।























