
कांग्रेस हाईकमान ने चंडीगढ़ प्रदेश को दिया नया प्रभारी, ये बने चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रभारी
चंडीगढ, 24 दिसंबर (विश्ववार्ता) मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद कांग्रेस पार्टी संगठन मे बडा फेरबदल किया है कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कमर कस ली है। कांग्रेस पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश को नया प्रभारी मिला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस पार्टी का प्रभारी बनाया गया है। वह हरीश चौधरी का स्थान लेंगे।
राजीव शुक्ला फिलहाल हिमाचल प्रदेश के भी प्रभारी हैं। उनके प्रभारी के रूप में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पार्टी को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित बड़ी संख्या में लोग हैं। उनके बहाने कांग्रेस शहर में ब्राह्मणों का वोट भी साध सकती है। कांग्रेस पार्टी में पहले जो पंजाब का प्रभारी होता था उन्हें ही चंडीगढ़ की जिम्मेदारी मिलती थी।
आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए राजीव शुक्ला के लिए बेहद बड़ी जिम्मेदारी है। पिछले दो लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 में कांग्रेस पार्टी की हार हुई थी। अब यह देखना है कि राजीव शुक्ला पार्टी में कितनी जान डालते हैं और कार्यकर्ताओं में किस प्रकार उत्साह भर सकते हैं। उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने राजीव शुक्ला का स्वागत किया है। उन्होंने हरीश चौधरी का भी आभार प्रकट किया है।





















