
पंजाब के इस जिले मे 20 वर्षीय लडक़ी के साथ ऑटो में गैंगरेप तीनों आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
डीसीपी जसकिरणजीत सिंह तेजा ने प्रैसवार्ता मे दी जानकारी
चंडीगढ, 23 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब के लुधियाना जिले में 20 वर्षीय लडक़ी के साथ ऑटो रिक्शा में गैंगरेप का मामला सामने आया है। हालांकि यह मामला 19 दिसंबर का बताया जा रहा है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ऑटो चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि 19 दिसंबर को सुबह 6 बजे लडक़ी ने काम पर जाने के लिए ऑटो बुक किया था। लडक़ी का अपहरण कर किसी सुनसान जगह पर लडक़ी के हाथ-पैर टेप से बांध ऑटो में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी लडक़ी को उसी जगह फेंककर फरार हो गए, जहां से उन्होंने लडक़ी का अपहरण किया था। तीनों आरोपी जगराओं के रहने वाले बताये जा रहे हैं। तीन में से दो आरोपी नशे के आदी भी हैं।
इस संबंधी प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए डीसीपी जसकिरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि उक्त मामले में पीड़ित लड़की के माता-पिता बदनामी के डर से शिकायत दर्ज करवाने से डर रहे थे। पुलिस के समझाने के बाद उन्होंने थाना ढेहलों में शिकायत दर्ज करवाई। डीसीपी ने बताया वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की 19 दिसंबर से अलग-अलग टीमों द्वारा तलाश की जा रही थी। आसपास वालों से पूछताछ के बाद 3 आरोपियों की पहचान हुई जो पुलिस को देख अलग-अलगा इलाकों में भाग गए, लेकिन पुलिस ने नाबालिग ऑटो चालक जरनैल सिंह (17) सहित उसके साथी अनिल (25) व गुरप्रीत (21) को काबू कर लिया है। ऑटो चालक के दोनों साथी नशे के आदी हैं।
उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को सुबह करीब 6 बजे लड़की ने अपने काम पर जाने के लिए ऑटो लिया था। ऑटो में चालक सहित उसका एक साथी उसमें बैठा था, इसके बाद उन्होंने आगे जाकर अपना एक और साथी साथ ले लिया। उसे कैंड नहर सुनसान जगह पर ले गए। इसके बाद ऑटो चालक और उसके 2 साथियों ने लड़की के मुंह पर टेप लगा दी और उसके साथ गैंगरेप किया फिर उसे घटनास्थल पर ऑटो से फेंक चले गए। इस दौरान वह लड़की मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। लड़की किसी तरह मेन रोड पर आई और पुलिस को बुलाने के लिए राहगीरों से मदद मांगी। पुलिस ने आज इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी ने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से ऑटो सहित मोबाइल व अन्य बाइक भी बरामद की गई है। तीनों आरोपी जगराओं के रहने वाले हैं इनसे बरामद बाइक चोरी की है। उन्होंने बताया कि जब पुलिस उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही थी तो आरोपियों ने अपनी बाइक तेज रफ्तार में भगाने के कोशिश की, इसी बीच अनियंत्रित होकर वह पेड़ से जा टकराए और वह गंभीर घायल हो गए। इन्हें कोर्ट में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा।





















