
पंजाब, हरियाणा व उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्से कड़ाके की ठंड की चपेट में
पंजाब में इस तारीख को लेकर बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आगे का हाल
ठंड के बीच आज दिन में छाए रहेंगे बादल, इन सात जिलों में धुंध का अलर्ट
चंडीगढ, 23 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब, हरियाणा व उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्से पूरी तरह से कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं और लुधियाना में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मौसम विभाग ने आज और कल तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण ठंड का प्रकोप और भी बढ़ जाएगा। इसके साथ ही शुक्रवार से 3 दिनों तक पंजाब के कई इलाकों में घने कोहरे को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक इस दौरान सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 दिसंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे और सडक़ों पर हल्का कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान ठंडी हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने आज व कल को धुंध का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके तहत सात जिलों में अमृतसर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला में घनी धुंध पड़ सकती है। वहीं, पंजाब के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
रात को भी बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, हिमाचल में शीतलहर के चलते पहाड़ी इलाकों और मैदानी इलाकों में अधिक ठंड पडऩे लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों तक लोगों को घने कोहरे का सामना करना पड़ सकता है,जिसके चलते वाहन चालकों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में पारा 4.8 डिग्री सेल्सियस और पटियाला में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा में रात को ठंड रही और तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदकोट, गुरदासपुर और फिरोजपुर में भी रात को ठंड रही और वहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.4 डिग्री सेल्सियस, 5.5 डिग्री सेल्सियस और 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में हाड़ कंपा देने वाली ठंड रही और न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल में भी पारा 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला, नारनौल और रोहतक में भी कड़ाके की ठंड रही और वहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.9 डिग्री सेल्सियस, 4.8 डिग्री सेल्सियस और 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।























