
महिला पहलवान साक्षी मलिक ने किया बड़ा ऐलान
कहा कि ‘मैं कुश्ती त्याग रही हूं’, बोलीं डब्ल्यूएफआई चुनाव में बृजभूषण जैसा ही जीत गया
चंडीगढ, 22 दिसंबर (विश्ववार्ता):रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया का चुनाव संपन्न होने के बाद महिला पहलवान साक्षी मलिक ने बड़ा ऐलान किया है। चुनाव के बाद मीडिया से बात करते हुए पहलवान साक्षी मलिक हुई भावुक। इसके बाद उन्होंने अपने जूते उतार कर टेबल पर रखकर कुश्ती त्यागने का ऐलान कर दिया। इसके बाद कहा कि मैं कुश्ती से संन्यास ले रही हूं। वहीं, रेसलर विनेश फोगाट ने कहा कि मैं युवा एथलीटों से कहना चाहती हूं कि अन्याय का सामना करने के लिए तैयार रहें। कुश्ती का भविष्य अंधकार में है। बजरंग पूनिया ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार अपनी इस बात पर कायम नहीं रही कि बृजभूषण का कोई भी वफादार डब्ल्यूएफआई चुनाव नहीं लड़ेगा।
रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने गुरुवार को बृज भूषण शरण सिंह के विश्वासपात्र संजय सिंह की भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष पद के चुनाव में जीत का विरोध करते हुए कुश्ती से संन्यास लेने की घोषणा की। चुनाव के बाद बजरंग और विनेश फोगाट ने मीडिया से बात की लेकिन यह नहीं कहा कि वे खेल से संन्यास ले लेंगे। बजरंग ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार अपनी बात पर कायम नहीं रही कि बृजभूषण का कोई भी विश्वस्त डब्ल्यूएफआई के चुनाव नहीं लड़ेगा। ” विनेश ने कहा, ‘‘उभरती हुई महिला पहलवान भी शोषण का सामना करेंगी।”
चुनावों के नतीजे शीर्ष पहलवानों बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक के लिए निराशाजनक हैं क्योंकि बृजभूषण के खिलाफ उनका विरोध-प्रदर्शन व्यर्थ हो गया। इन्होंने डब्ल्यूएफआई में बदलाव के लिए आक्रामक होकर अभियान चलाया था लेकिन उन्हें कुश्ती जगत का समर्थन नहीं मिला। भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण का एक करीबी अब अध्यक्ष है। इन शीर्ष पहलवानों ने बृजभूषण पर कथित रूप से जूनियर पहलवानों सहित महिला पहलवानों का यौन उत्पीडऩ करने का आरोप लगाया था और समाज के विभिन्न वर्गों से भारी समर्थन जुटाने में कामयाब रहे। इनका विरोध हालांकि उस दिन विफल हो गया जब उन्होंने 28 मई को नए संसद भवन की ओर मार्च करने की योजना बनाई और दिल्ली पुलिस ने दंगा करने के लिए सभी प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से हटा दिया।























