
राहुल गांधी फिर निकाल सकते है भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कही बड़ी बात
भारत जोड़ो यात्रा ये रह सकते है मुद्दे
चंडीगढ, 22 दिसंबर (विश्ववार्ता): राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पिछले साल सात सितंबर को कन्याकुमारी से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की थी लेकिन यह भारत जोडो यात्रा एक बार फिर निकल सकती है क्योकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सीडब्ल्यूसी की बैठक में अगले लोकसभा चुनाव के लिए ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया और यह प्रस्ताव रखा कि राहुल गांधी पूर्व से पश्चिम की ओर दूसरे चरण की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाले पर जोर दिया।
बैठक में दिए गए अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘पिछले कई महीनों से पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता एक स्वर में लगातार एक मांग मेरे सामने रखते रहे हैं कि राहुल गांधी पूर्व से पश्चिम की ओर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकालें। मैं कार्यसमिति में राहुल जी के समक्ष यह बात रखता हूं और निर्णय आप सभी पर छोड़ता हूं।
खरगे ने कार्य समिति की बैठक में कहा, ‘‘उन सवालों को हमें नहीं भूलना है, जिन पर आगे की राजनीति प्रभावित होगी। जातिगत जनगणना और महिला आरक्षण अहम मुद्दा रहेगा। हम चाहते हैं कि महिला आरक्षण तत्काल लागू हो और महिलाओं को आरक्षण के दायरे में लाया जाए।” उन्होंने कहा, ‘‘हमें आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कुछ ठोस रणनीति बनानी होगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर ठोस रणनीति बनानी होगी तथा समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिलकर ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतनी होंगी।
खरगे ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारे जाने के विवाद तथा विपक्षी सांसदों के निलंबन का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि संवैधानिक पदों पर बैठे जिन लोगों पर सांसदों के संरक्षण की जिम्मेदारी है, वो दलगत राजनीति का हिस्सा बनकर तथा जाति, क्षेत्र और व्यवसाय को ढाल बनाकर राजनीति कर रहे हैं और दायित्वों को पूरा करने में विफल रहे हैं। खरगे ने आरोप लगाया कि सरकार अहम विधेयकों को मनमाने ढंग से पारित कराने के लिए लोकतंत्र का गला घोंट रही है तथा संसद को सत्ता पक्ष के मंच के रूप में बदलने का षड्यंत्र चल रहा है।





















