तमिलनाडु के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
मौसम विभाग ने आज भी की यह भविष्यवाणी
चंडीगढ, 19 दिसंबर (विश्ववार्ता) कन्याकुमारी, तिरुनेलवेल्ली, थूथुकुडी और तेनकासी सहित दक्षिणी तमिलनाडु के कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर से भारी तबाही मचाई है। खेत, सड़कें, रिहायशी इलाके तथा पुल जलमग्न हो गए हैं। मिलनाडु में बारिश और बाढ़ के चलते पैदा हुए हालातों में तीन लोगों की मौत हो गई है।
तमिलनाडु के थुटुकुडी जिले में कई जगहों पर रविवार को 525 मिमी बारिश हुई। इसके चलते थुटुकुडी में बाढ़ से आम जनजीवन बुरी तरह त्रस्त है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान ने बाढ़ से जूझ रहे लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में वायुसेना के हेलीकॉप्टर्स से खाने के पैकेट और अन्य जरूरी सामान गिराया जा रहा है।
दरअसल मौसम विभाग ने कहा है कि मंगलवार को भी तमिलनाडु के कई जिलों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई के मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन घंटों में तमिलनाडु के कराईकल और कई अन्य जिलों में बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश हो सकती है। जिन जिलों में भारी बारिश का अनुमान है, उनमें पुडुकोट्टई, तंजावुर, थिरुवर, नागापत्तिनम, रामानाथपुरम और शिवगंगाई शामिल हैं। वहीं थेनी, तेनकासी, कन्याकुमारी, थिरुनेलवेली, थुटुकुडी, विरुद्धनगर जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है।