
हिमाचल में हिली धरती, लोगो मे डर व दहशत का माहौल
चंडीगढ, 19 दिसंबर (विश्ववार्ता) हिमाचल में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप के झटके प्रदेश के अनेक हिस्सों में महसूस किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम 3:49 मिनट पर ये झटके महसूस किए गए हैं। हालांकि भूकंप से फिलहाल जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं हैं।
भूकंप के ये झटके मंडी और मनाली में ज्यादा महसूस किए गए है। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों और दफ्तर से बाहर आ गए। इससे लोग घरों से बाहर निकल आए। केलांग निवासी सोनम छेरिंग, रिग्जिन, प्रकाश ने बताया भूकंप का झटका काफी जोर का था।
लाहौल-स्पीति पुलिस थाना में मौजूद कर्मचारी दहशत में दफ्तर से बाहर निकलकर खुले स्थान की ओर भागे। एडीएम कुल्लू अश्वनी कुमार ने कहा कि भूकंप से कहीं से भी नुकसान की सूचना नहीं है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र लद्दाख के जंस्कार-कारगिल में जमीन के भीतर 10 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.5 आंकी गई। इससे हिमाचल के कुछ जिलों में भी धरती हिली। इसके बाद किश्तवाड़-जंस्कार में भी भूकंप दर्ज किया गया।





















