
चंडीगढ़ में पंजाब यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं पर छोडी पानी की तेज बौछारे
पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष मोहित महिंद्रा समेत कई कार्यकर्ताओं को लिया हिरासत मे
चंडीगढ, 17 दिसंबर (विश्ववार्ता) पंजाब यूथ कांग्रेस ने आज चंडीगढ़ में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि चंडीगढ़ पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग करके आगे नहीं जाने दिया। इस बीच जब कार्यकर्ताओं ने आगे बढऩे की जबरन कोशिश की तो पुलिस ने फिर इनपर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और पानी की तेज बौछारें छोड़ीं ताकि कार्यकर्ता तितर-बितर हो जायें। इतना ही नहीं, चंडीगढ़ पुलिस ने पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष मोहित महिंद्रा समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस में भी डाला। पुलिस कार्यकर्ताओं को टांगकर ले जाती हुई भी नजर आई।
अध्यक्ष मोहित महिंद्रा के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता पंजाब सीएम आवास की ओर बढ़ रहे थे। पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर इन्हें सीएम आवास का घेराव करना था। विरोध प्रदर्शन को लेकर पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष मोहित महिंद्रा ने कहा कि, हम झूठे वादों वाली पंजाब ‘आप’ सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह आप सरकार पंजाब में कानून व्यवस्था बहाल करने में बुरी तरह विफल रही है। सरकार का ध्यान केवल विज्ञापन देने या पंजाब के पैसे का दुरुपयोग करने पर है।
मोहित महिंद्रा ने आगे कहा कि, पंजाब में रोजाना हो रही हत्याएं और बढ़ती गुंडागर्दी चिंता का विषय है। समाज की सुरक्षा सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। लेकिन सरकार का कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है। इसलिए आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंजाब यूथ कांग्रेस आम आदमी पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करती रहेगी। पंजाब यूथ कांग्रेस सरकार को जिम्मेदारियों से भागने नहीं देगी।
मोहित महिंद्रा ने कहा कि, आज का प्रदर्शन आप सरकार के लिए एक अल्टीमेटम था। क्योंकि पंजाब का युवा सुरक्षित राज्य की हमारी मांग को लेकर मुखर, दृढ़ और अडिग है। हम चुप नहीं रहेंगे; हम अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे और पंजाब को सभी के लिए एक सुरक्षित ठिकाना बनाने का प्रयास करेंगे। यह पंजाब के भविष्य की लड़ाई है। हम पानी की बौछारों से नहीं डरते. हम अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे!























