
माता वैष्णो देवी मे श्राइन बोर्ड ने भैरो घाटी के लिए रोपवे की दी सुविधा
वैष्णो देवी यात्रा से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं पर ठगी से सावधान
चंडीगढ, 17 दिसंबर (विश्ववार्ता) जम्मू के कटरा में त्रिकुट पर्वत पर विराजमान माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए मुश्किल रस्तों से गुजरना पड़ता है। नीचे से ऊपर हजारों फीट की ऊंची चढ़ाई भक्तों को पस्त कर देती है। लेकिन भक्तों के पांव फिर भी नहीं थमते और वह दिल में माता के दर्शन की उमंग लेकर वैष्णो देवी भवन के लिए आगे बढ़ते रहते हैं। वहीं वैष्णो देवी भवन पहुंचकर माता के दर्शन के बाद फिर यहां से भैरो घाटी भी जाना होता है। और भैरो घाटी की चढ़ाई तो वैष्णो देवी भवन से भी ऊंचे है। इसीलिए श्राइन बोर्ड ने भैरो घाटी के लिए रोपवे की सुविधा की हुई है। रोपवे ट्रेन में बैठकर आप भैरो घाटी जा सकते हैं। लेकिन इसके लिए पहले टिकट लेना होता है। बता दें कि, अब तक भैरो घाटी के लिए रोपवे सुविधा को लेकर टिकट केवल वहीं काउंटर से लिया जा सकता था लेकिन अब रोपवे सुविधा की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है। जी हां अब भक्त भैरो घाटी के लिए रोपवे सुविधा की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
एलजी मनोज सिन्हा ने सुविधा का शुभारंभ किया
अभी हाल ही में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की तरफ से यह सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा का शुभारंभ एलजी मनोज सिन्हा ने किया। एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि श्राइन बोर्ड यात्रियों को बेहतर तथा आधुनिक सुविधाएं देने को प्रतिबद्ध है ताकि उनकी यात्रा आरामदायक तथा बिना किसी बाधा के पूरी हो। रोपवे के टिकट अब ऑनलाइन पोर्टल के जरिये भी मिलेंगे। पहले यह सुविधा काउंटर से पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्राप्त होती थी। बताया जा रहा है कि, शुरू में 2000 यात्रियों की ऑनलाइन बुकिंग होगी। बाद में यह संख्या बढ़ा दी जाएगी। बताया जाता है कि, वैष्णो देवी भवन से रोपवे की प्रति घंटा 800 लोगों को ले जाने व ले आने की क्षमता है। यह आठ से 10 घंटे तक संचालित होता है।
माता वैष्णो देवी यात्रा से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं को लेकर ठगी की जा रही है। लोगों को चूना लगाया जा रहा है और लोग भी बड़ी आसानी से ठगी का शिकार हो रहे हैं। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने कहा कि माता वैष्णो देवी यात्रा के दौरान दी जाने वाली सभी आनलाइन सेवाएं केवल श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या एप पर ही उपलब्ध हैं। और कहीं नहीं। श्राइन बोर्ड ने बताया कि माता वैष्णो देवी से जुड़ी आनलाइन सेवाओं की कई नकली वेबसाइट और ऐप बनाये गए हैं। जिससे लोगों को ठगा जा रहा है। इनसे सावधान रहने की जरुरत है। वैष्णो देवी यात्रा से ऑनलाइन सेवाओं की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट maavaishnodevi.org या तीर्थ बोर्ड के मोबाइल एप्लिकेशन पर की जा सकती है.





















