
चंडीगढ पीजीआई ने जॉब के नाम पर फ्रॉड को लेकर जारी एडवाइजरी
चंडीगढ़ पीजीआई द्वारा जारी किया गया प्रैस नोट
चंडीगढ, 17 दिसंबर (विश्ववार्ता) आजकल जालसाजी का दौर गजब चल रहा है। ठगी करने वाले माहिर हर तरफ किसी न किसी बहाने से अपना साम्राज्य फैलाए हुए हैं। इसलिए अगर आप जरा सा भी चूके तो किसी व्यक्ति-वस्तु, संस्था और झूठ के फ़ंसाने में आकर ठगी का शिकार हो जाएंगे। बता दें कि, ऐसी ही ठगी चंडीगढ़ पीजीआई में नौकरी देने के नाम पर की जा रही है। पीजीआई प्रशासन ने इस संदर्भ में संज्ञान लिया है और सावधान रहने को कहा है।
प्रशासन का कहना है कि, पीजीआई में फर्जी/झूठी नौकरियों की पेशकश कर कुछ तत्वों द्वारा लोगों को फंसाया जा रहा है और उनसे इसके बदले पैसों की डिमांड करके ठगी की जा रही है। प्रशासन की लोगों को चेतावनी है कि वह ऐसे ठग तत्वों के चक्कर में न फंसे। चंडीगढ़ पीजीआई में नौकरी और नियुक्ति संबंधी कोई भी जानकारी प्रिंट/इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में अधिसूचित की जाती है। साथ ही पीजीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर भी पूरी जानकारी उपलब्ध रहती है।
चंडीगढ़ पीजीआई द्वारा जारी नोट में कहा गया- पीजीआई एमईआर प्रशासन द्वारा यह देखा गया है कि व्यक्तियों या संगठनों द्वारा पैसे के बदले पीजीआई चंडीगढ़ के नाम पर फर्जी/झूठी नौकरियों और नियुक्तियों की पेशकश करके लोगों से संपर्क करके धोखाधड़ी की गतिविधियां की जा रही हैं। इस प्रकार गतिविधियों में झूठी विश्वसनीयता और प्रामाणिकता स्थापित करने के लिए पीजीआई चंडीगढ़ के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है।























