
राजस्थान में ब्राह्मण CM का ऐलान, भजनलाल शर्मा चुने गए विधायक दल के नेता
जानिए भजनलाल शर्मा के बारे में
चंडीगढ, 13 दिसंबर (विश्ववार्ता)राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल ने अपना नेता चुन लिया है। सांगानेर के 56 साल के भजनलाल शर्मा राजस्थान के नए मुख्यमंत्री होंगे। भारतीय जनता पार्टी ने ब्राह्मण चेहरे पर बड़ा दांव खेला है, क्योंकि पिछले 33 सालों से राजस्थान में कभी भी ब्राह्मण चेहरे को मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया गया है। राजस्थान में ब्राह्मण चेहरे के तौर पर आखिरी बार 1990 में हरदेव जोशी कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री थे। बांसवाड़ा से हरदेव जोशी विधायक हुआ करते थे। उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के बाद से बीजेपी और कांग्रेस लगातार ओबीसी और क्षत्रिय चेहरों पर दांव लगाती रही है।
इसी वजह से लगातार ब्राह्मण वोटर कभी बीजेपी कभी कांग्रेस में जाते रहे. पिछली बार कांग्रेस ने बड़ा दांव खेलते हुए सीपी जोशी को विधानसभा अध्यक्ष बनाया था, मगर वह दांव इस बार फेल हुआ. राजस्थान में सीधे तौर पर 50 विधानसभा सीट ऐसी हैं जिस पर ब्राह्मण वोटर्स का असर रहता है। कांग्रेस ने जहां 16 ब्राह्मण प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था, वहीं इस बार भारतीय जनता पार्टी ने 20 ब्राह्मण प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था। इसमें से बड़ी संख्या में बीजेपी के ब्राह्मण प्रत्याशी चुनाव जीत करके आए, जबकि कांग्रेस के ब्राह्मण प्रत्याशियों को बड़ी हार मिली है।
राजस्थान के नए सीएम भजनलाल शर्मा के बारे में अगर बात करें वह जयपुर की सांगानेर विधानसभा सीट से पहली बार विधायक चुनकर आए हैं। फिर भी बीजेपी ने उन्हें इतनी बड़ी ज़िम्मेदारी सौंप दी। हालांकि, भजनलाल शर्मा का पार्टी संगठन में काफी अच्छा अनुभव है। वह संगठन के काफी करीबी हैं और वह बीजेपी के चार बार प्रदेश महासचिव रहे हैं। इसके साथ ही शर्मा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का करीबी माना जाता है। बहराल, बीजेपी ने भजनलाल शर्मा को सीएम बनाकर प्रदेश में ब्राह्मण वोटर्स को साधने की कोशिश की है। ब्राह्मण सीएम बनाए जाने से राजपूत और जाट या अन्य कोई इसका विरोध नहीं कर पाएगा। राजस्थान में जाट के बाद ब्राह्मण की संख्या भी काफी ज्यादा है।























